छत्तीसगढ़ में भी भुपेश सरकार में कई देशमुख है-भाजपा

रायपुर । बठेना में हुए 5 लोगों के हृदय विदारक मौत के प्रति सरकार के असंवेदनशील व गैर जिम्मेदाराना रवैया के खिलाफ, पीड़ित पक्ष को न्याय दिलवाने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने आज प्रदेश के कांकेर में जिलाध्यक्ष सतीश लाटिया,जगदलपुर में अनुसूचित मोर्चा, सुकमा में हूँगाराम मरकाम, सूरजपुर में जिलाध्यक्ष बाबूलाल अग्रवाल, धमतरी में विधायक रंजना साहू व जिलाध्यक्ष सशि पवार, बालोद में सांसद मोहन मंडावी, प्रदेश मंत्री राजेश यादव सहित सभी जिला मुख्यालय में एक दिवसीय धरने का आयोजन किया।
धरना में भाजपा नेताओं ने भुपेश सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि दुर्ग जिले के पाटन थाना के अंतर्गत बठेना ग्राम में दिनांक 6 मार्च 2021 दिन शनिवार को सतनामी समाज (अनुसूचित जाति वर्ग) के एक ही परिवार के 5 सदस्यों की नृशंस हत्या हुई है। जिस क्षेत्र में यह घटना घटी है वह छत्तीसगढ़ सरकार के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का विधानसभा क्षेत्र पाटन है। जहां सिलसिलेवार इस प्रकार की कई घटनाएं घट रही है। इससे पहले ग्राम खुड़मुड़ा में चार लोगों की हत्या हो गई थी ।
उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में सरकार के खिलाफ भाजपा द्वारा जनता की सुरक्षा के मुद्दे को लेकर आंदोलन किया जा रहा है । सरकार आने के बाद से हर वर्ग आंदोलित है । पूरे प्रदेश में हर वर्ग के साथ अत्याचार बढ़ा है । छत्तीसगढ़ की सरकार ने मात्र ढाई वर्षो में ही छत्तीसगढ़ को गर्त मे ले जाने का काम किया है । जिस जनता ने कांग्रेस का सत्ता दी है आने वाले समय में वही जनता की अदालत इस तानाशाही सरकार को सजा देते हुए सत्ता से उखाड़ फेंकेगी और फैसला करेगी की कांग्रेस सरकार इस सत्ता में बैठने के काबिल ही नही थी । सरकार ने हर मोर्चे पर फेल हो चुकी है इसलिए तानाशाही रवैया अपनाते हुए कुछ भी अनाप शनाप निर्णय ले रही है ।
