छेड़खानी के आरोप में कॉलेज के चेयरमैन की पिटाई, माफी मांगी

वाराणसी। वाराणसी में एक प्रतिष्ठित कॉलेज के चेयरमैन को एक छात्रा के साथ छेड़खानी करना महंगा पड़ गया। छात्रा के परिजनों ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर चेयरमैन की जमकर पिटाई कर दी। पिटाई होते ही चेयरमैन ने कान पकड़ कर माफी भी मांगी, जिसके बाद परिजनों ने मामले की शिकायत पुलिस से नहीं की। हालांकि पूरी घटना का वीडियो जब वायरल हुआ तो चेयरमैन का परिवार इस घटना से काफी आहत दिखाई दिया। मामला वाराणसी के थाना चौबेपुर थाना क्षेत्र के भगतुवा का है, जहां एमपी इंस्टीट्यूट एंड कम्प्यूटर एप्लिकेशन कॉलेज के चेयरमैन माया शंकर पाठक की पिटाई छेड़खानी के आरोप में की गई।
माया शंकर पाठक पूर्व में विधायक रह चुके हैं और चिरईगांव से बीजेपी के प्रत्याशी भी रह चुके हैं। माया शंकर पाठक कॉलेज के चेयरमैन भी हैं। आरोप है कि माया शंकर ने अपने केबिन में एक छात्रा को बुलाकर उसके साथ अश्लील हरकत की। छात्रा ने जब अपने परिजनों को घटना के बारे में बताया तो परिजन कॉलेज पहुंचे और माया शंकर की पिटाई कर दी। इसके बाद मारपीट की घटना का वीडियो भी वायरल कर दिया। वीडियो में माया शंकर पाठक लड़की के परिजनों के सामने कान पकड़ कर माफी मांग दिखाई दे रहे हैं। उनके माफी मांगने और लोक लज्जा के कारण परिजनों ने पुलिस में शिकायत नहीं की। वहीं माया शंकर के बड़े लड़के अभिषेक पाठक ने घटना को लेकर माफी मांगी है।
