जंगल सफारी के सुरक्षा जवान से मारपीट करनेवाले पांच कांस्टेबल सस्पैंड

नर्मदा| केवडिया में जंगल सफारी के सिक्युरिटी जवान के साथ मारपीट के आरोप में नर्मदा पुलिस अधीक्षक ने पांच कांस्टेबलों को सस्पैंड कर दिया है| नर्मदा जिले के केवडिया में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के निकट बने जंगल सफारी पार्क में प्रवेश कर रहे पांच पुलिसकर्मियों से वहां तैनात सिक्युरिटी गार्ड ने टिकट मांगा था| टिकट मांगने पर पुलिसकर्मी भड़क गए और सिक्युरिटी गार्ड की पिटाई कर दी| पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी| घटना के बाद सिक्युरिटी कर्मचारी हड़ताल चले गए और पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की मांग की| इस संदर्भ में मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक शिकायत की गई थी| मामले को गंभीरता से लेते हुए नर्मदा जिला पुलिस अधीक्षक ने हेड कांस्टेबल शैलेष मनसुख, कांस्टेबल राजेन्द्र खानसिंह, कांस्टेबल मनोज धनजीभाई, कांस्टेबल कृष्णलाल महेशभाई और कांस्टेबल अनिल महेशभाई को सस्पैंड कर दिया| पुलिसकर्मियों के सस्पैंशन के बाद जंगल सफारी पार्क के सिक्युरिटी जवानों ने हडताल खत्म कर दी|

Leave a Reply