जनप्रतिनिधियों ने मांग उठाई लॉकडाउन 31 मई तक बढ़ाया जाए,सभी हुए एकमत

इंदौर. सांसद, विधायक और सभी जनप्रतिनिधियों की गुरुवार को बैठक में इस बात पर सहमति बन गई है कि इंदौर में पूरे मई माह लॉकडाउन रहना चाहिए। सभी ने इस पर सहमति जताई कि अभी पॉजीटिव मरीज आने के चलते लॉकडाउन खोलना उचित नहीं होगा, लेकिन सभी ने प्रशासन से कहा कि वह जल्द पूरी योजना बनाएं कि लॉक़डाउन को किस तरह से खोला जाए, क्योंकि प्रधानमं‌त्री भी कह चुके हैं कि जीना इसी के साथ है तो फिर हमें अगली तैयारियां भी करना चाहिए। विधायक महेंद्र हार्डिया और पूर्व भाजपा नगराध्यक्ष गोपीकृष्ण नेमा ने तो 17 मई के बाद ग्रीन जोन को खोलने की बात कही।भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि स्वच्छता अभियान से हमने जो प्रसिद्ध पाई थी, कोरोना में रेड जोन बनने से बदनामी हुई है, हम सभी को मिलकर काम करना है और कोरोना को जीरो करना है। अभी सभी को धैर्य रखने की जरूरत है।
कमिश्नर आकाश त्रिपाठी ने श्रमिकों के आवागमन के लिए शासन-प्रशासन द्वारा किए जा रहे उपायों की जानकारी दी। आईजी विवेक शर्मा ने कहा कि लॉकडाउन खोले जाने के बाद हो सकता है कि अपराध भी बढ़े। साथ ही पुलिस कर्मियों पर वर्तमान दायित्व के अलावा न्यायालयीन कार्यों का दबाव भी बढ़ेगा। शहर में अभी 317 कंटेंनमेंट क्षेत्र हैं।
कलेक्टर मनीष सिंह ने कहा कि शहर में लगभग 80 ऐसे क्षेत्र हैं, जहां 21 दिन पूरे हो चुके हैं। पीथमपुर आने-जाने के लिए भी पूरी एहतियात के साथ कर्मचारियों को जाने की अनुमति दे रहे हैं। 

बैठक में यह बोले जनप्रतिनिधि

पूर्व स्पीकर सुमित्रा महाजन – लॉकडाउन आज नहीं तो कल खुलेगा, इसके लिए कार्य योजना बनाएं। मजदूर यहीं पर रहें, इसके लिए छोटे-छोटे उद्योग खुलें।
सांसद शंकर लालवानी – इंदौर में धीरे-धीरे स्थिति सुधर रही है, लेकिन पूरा कंट्रोल करने के लिए लॉकडाउन को आगे बढ़ाया जाना ही उचित है।
भाजपा राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय -ग्रामीण क्षेत्र और शहरी क्षेत्र के बीच कड़ा प्रतिबंध जरूरी है। शहर और गांव में आवागमन रोका जाए।
विधायक आकाश विजयवर्गीय- हाॅस्पिटल में जो भी कमियां दिख रही हैं, उसे दूर करना चाहिए। 
विधायक ऊषा ठाकुर- लॉकडाउन जारी रखने में ही सबकी भलाई है। 
विधायक रमेश मेंदोला- मज़दूरों का पलायन रोकने पर चिंता की जानी चाहिए।
विधायक महेन्द्र हार्डिया- शहर के जो क्षेत्र सुरक्षित हैं, वहां सुबह 5 से 7 बजे तक मॉर्निंग वॉक, व्यायाम और योगा की अनुमति दी जानी चाहिए। 
विधायक संजय शुक्ला -इस महीने लॉकडाउन खोला जाना उचित नहीं होगा।
विधायक विशाल पटेल -अब मध्यम वर्ग को भी राशन की आवश्यकता पड़ने लगी है। 

कामों काे बांटकर खोलें लॉकडाउन

पूर्व विधायक डॉ. राजेश सोनकर ने कहा कि किसानों की फसल बाजारों में पहुंचना चाहिए। बैठक में नगराध्यक्ष गौरव रणदीवे और पूर्व विधायक जीतू जिराती ने शहर में कामगारों पर ध्यान देने की बात कही। पूर्व महापौर कृष्णमुरारी मोघे ने कहा कि प्रशासन कामों को बांटकर लॉकडाउन को चरणबद्ध तरह से खोले। 
पूर्व विधायक मनोज पटेल- सीमेंट, टाइल्स, सरिया की दुकानें खोली जाएं, ताकि ग्रामीण अंचल में निर्माण शुरू हो सके।
पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता ने कहा कि लॉकडाउन जारी रखते हुए औद्योगिक इकाइयों को अनुमति दी जानी चाहिए। चप्पल-जूते की फैक्टरी खुले।

Leave a Reply