‘जन आशीर्वाद’ यात्रा के दौरान हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल की सुरक्षा में चूक, बाल-बाल बचे

जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान सीएम मनोहर लाल की सुरक्षा में चूक सामने आ रही है। हालांकि पुलिस प्रशासन इसकी पुष्टि नहीं कर रहा है, लेकिन मामले की जांच की जा रही है।
रविवार रात करीब आठ बजे जब सीएम का रथ खेरड़ी मोड़ पर पहुंचा तो एक ढाबे के नजदीक बिजली का केबल सीएम के रथ से टकरा गया। रथ पर सीएम के पीछे बैठा सीआईडी का कांस्टेबल राकेश कुमार केबल की चपेट में आकर नीचे गिर गया। राकेश को पीजीआई में दाखिल कराया गया है।
प्रशासनिक सूत्रों ने बताया कि सीएम मनोहर लाल की रथयात्रा के लिए पंचकूला स्थित सीआईडी की पुलिस लाइन से चार ड्राइवर की ड्यूटी लगाई गई थी, इसमें राकेश की भी ड्यूटी थी। सीएम की जन आशीर्वाद यात्रा चरखी दादरी से कलानौर रात करीब आठ बजे पहुंची। जब रथ खेरड़ी मोड़ के पास पहुंचा तो सड़क के आर-पार गुजर रहा बिजली का केबल अचानक सीएम के रथ से टकरा गया।
हादसे के बाद राकेश को पीजीआई ले जाया गया, जबकि सीएम का काफिला भिवानी की तरफ चला गया। इसके बाद एसपी राहुल शर्मा व उपायुक्त आरएस वर्मा मौके पर मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों की टीम डीएसपी गोरखपाल के नेतृत्व में पीजीआई पहुंची। राकेश के भाई विकास को भिवानी से बुलाया गया है।
तो बाद में बांधा गया केबल
नियमों के तहत सीएम के रथयात्रा मार्ग की पहले वीडियोग्राफी कराई जाती है। बताया जा रहा है कि खुफिया विभाग ने इस रूट की वीडियोग्राफी कराई थी। दावा किया जा रहा है कि वीडियोग्राफी के समय खेरड़ी मोड़ पर कोई केबल नहीं था। आशंका जताई जा रही है कि केबल को बाद में बांधा गया। खुफिया विभाग मामले में तथ्य जुटा रहा है।
मुख्यमंत्री के साथ रथ पर चल रहा सीआईडी का हवलदार राकेश नीचे गिरने से घायल हो गया है, उसे पीजीआई में भर्ती कराया गया है। मामले की जांच की जा रही है। सोमवार को राकेश का बयान दर्ज किया जाएगा।
