जबलपुर में 20 मिनट में गायब हो गए ढाई लाख रुपए, मकान रिपेयर के लिए पीड़ित ने लिया था हाउसिंग लोन

जबलपुर में ढाई लाख रुपए महज 20 मिनट में हवा में उड़ गए। एक किमी के सफर में नोटों की गडि्डयां गायब हो गईं। पीड़ित ने मकान रिपेयर के लिए 5 लाख रुपए का हाउसिंग लोन लिया था। बैंक से पैसे निकाल कर घर लौट रहा था। बीच में सब्जी खरीदने उतरा तो उसके बैग से ढाई लाख रुपए गिर गए। सब्जी वालों ने सजग किया, तब उसे पता चला कि ढाई लाख गायब हैं। लार्डगंज थाने में पीड़ित ने शिकायत दी है।

रामेश्वर कॉलोनी कोतवाली निवासी नवीन कुमार जैन एलआईसी एजेंट हैं। मकान जर्जर हो चुका है। बड़ी मुश्किल से हाउसिंग लोन कराए थे। इंडियन ओवरसीज बैंक से पांच लाख रुपए सोमवार को निकाले थे। दोपहर 3.10 बजे वह बैग में पैसे रखकर निकले थे। 500-500 रुपए की उन्होंने रबड़ लगाकर दो गडि्डयां बनाई थी। 3.30 बजे वह लटकारी का पड़ाव में सब्जी लेने रुक गए। तभी उनके बैग से ढाई लाख रुपए वाली एक गड्‌डी गिर गई। देखा तो बैग का चेन खुला था। बैग में ढाई लाख वाली दूसरी गड्‌डी गायब थी।

सब्जी छोड़ बैंक तक लगाए कई चक्कर, नहीं मिली रकम

ढाई लाख रुपए गायब देख नवीन सन्न रह गए। बाइक उठाकर बैंक तक कई चक्कर लगाए। रोड किनारे ठेला आदि लगाने वालों से भी पूछा। कोई कुछ नहीं बता पाया। हैरान-परेशान नवीन लार्डगंज थाने पहुंचे। वहां से पुलिस कंट्रोल रूम गए। मालवीय चौक से लटकारी के पड़ाव के बीच लगे कैमरे की फुटेज भी देख डाला। पर ऐसा कुछ नहीं मिला, जिससे पता चल सके कि उनके ढाई लाख रुपए कहां गए।

बैग का चेन था खराब

नवीन के मुताबिक उनकी बैग का चेन खराब था। बैंक में पैसे गिनकर रखे थे। बैग का चेन अपने से खुल जाता था। आशंका जताई है कि चेन खुलने से कहीं रासते में पैसे गिर गए होंगे। अब मढ़ाताल स्थित इंडियन ओवरसीज बैंक से लटकारी के पड़ाव तक दुकानों के सामने लगे सीसीटीवी फुटेज एक-एक कर खंगाले जा रहे हैं, जिससे पता चल सके कि नोटों की गडि्डयां किसने उठाई है।

Leave a Reply