जमीनी ‎विवाद में दो पक्षों में हुई फायरिंग, हिस्ट्रीशीटर को लगी गोली

जोधपुर । सनसिटी जोधपुर में जमीनी विवाद के चलते दो पक्षों की तरफ से फाय‎रिंग की गई। इस घटना में बीजेएस निवासी हिस्ट्रीशीटर कुलदीप सिंह को गोली लग गई और वह गंभीर रुप से घायल हो गया। जानकारी में मुता‎बिक यह घटना हाईकोर्ट के जज के घर के सामने घटी। डीसीपी धर्मेंद्र सिंह यादव ने बताया कि सोनू सिंह गुर्जर की एक जमीन शिकारगढ़ में है। वह जमीन कुलदीप सिंह को रेस्टोरेंट संचालित करने के लिए किराये पर दी गई थी। कुलदीप सिंह फर्जी दस्तावेज तैयार कर इस जमीन पर काबिज हो गया। सोनू सिंह गुर्जर ने जब इस बात की उससे शिकायत की तो उसने गुर्जर से 600000 रुपये की डिमांड कर डाली। कुलदीप ने सोनू से कहा कि रेस्टोरेंट के लिए जो खर्चा हुआ है वो दे दो और अपनी जमीन वापस ले लो। कुलदीप सिंह एक बार पहले भी सोनवीर सिंह गुर्जर के शिकारगढ़ स्थित ऑफिस में आया और जान से मारने की धमकी देकर गया था। इसके बाद रात को वह तीन बदमाशों को लेकर आया और गुर्जर के घर पर बोतले फेंकने लगा। आवाज सुनकर गुर्जर के दोनों बेटे बाहर निकले तो आरोपियों ने एक बेटे पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। इसके बाद दोनों तरफ से फायरिंग हुई। गोलीबारी में कुलदीप सिंह को गोली लग गई। 
बताया गया ‎कि जिस इलाके में फायरिंग हुई है वह वीवीआईपी इलाका है। इस इलाके में राजस्थान उच्च न्यायालय के न्यायाधीश पुष्पेंद्र सिंह भाटी, उत्तर प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश गोविंद माथुर और पूर्व जस्टिस एन एन माथुर का निवास स्थान हैं। इसके अलावा शेरगढ़ की विधायक मीना कंवर और सांसद पीपी चौधरी का भी यहां आवास है। फायरिंग की घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के तमाम आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। झगड़े में कुलदीप की रीढ़ की हड्डी में गोली लगी है। उसके बाद उसे निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वहां से उसे एक अन्य निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। बाद में एमडीएम अस्पताल में रेफर किया गया। एमडीएम अस्पतालों के डॉक्टर्स ने भी मामले की गंभीरता को देखते हुए कुलदीप को एम्स रेफर किया है, वहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

Leave a Reply