जमीन को लेकर दो भाईयों में हुआ विवाद, एक भाई ने चलाई गोली 

फरीदाबाद । हरियाणा के फरीदाबाद  जिले में जमीन को लेकर दो भाईयों में जमकर विवाद हो गया। ये मामला इतना बढ़ गया कि एक भाई ने अपने लाइसेंसी रिवाल्वर से 4-5 राउंड गोली चला दी। हालांकि, इस दौरान किसी को गोली नहीं लगी और सभी सुरक्षित हैं। इस घटना का वीडियो वायरल हो रहा है। यह वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपी के खिलाफ जानलेवा करने समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। साथ ही उसकी तलाश में जुट गई है। जानकारी के मुताबिक, गांव सराय ख्वाजा निवासी सतवीर पहलवान ने अपने भाई खिलाफ शिकायत दर्ज की है। सतवीर ने कहा कि उसकी करीब 14 एकड जमीन फार्म हाउस गांव सागरपुर में है। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे मैं, बेटा अभिषेक, भतीजा अर्जन व सिकंदर और मलेरना गांव निवासी विरेन्द्र और ओमवीर फार्म हाउस पर बैठे थे। तभी रिश्तेदार मनोज उर्फ मिन्टो उसका दोस्त महेन्द्र भी आ गए। मनोज इस जमीन में भी हकदार है। 
सतवीर ने रिश्तेदार मनोज से कहा कि पटवारी को बुला लो और जमीन की नाप करा लो। मनोज ने कहा कि मैं अभी जमीन को नपवाता हूं। तुम यहां पर दिखाई नही दोगे। इसके बाद मनोज ने शिकायतकर्ता के भाई रामवीर को भी बुला लिया। आरोप है कि इस दौरान कहासुनी हुई। इतने में रामवीर वहां आते ही अपनी रिवाल्वर से 4-5 राउंड किए। गोली की आवाज सुनकर जब लोग मौके पर पहुंचते रामवीर अपनी कार में बैठकर फरार हो गया। वीडियो वायरल होने पर सदर थाना पुलिस ने सतवीर पहलवान की शिकायत पर भाई रामवीर, रिश्तेदार मनोज व अशोक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। आरोपी फिलहाल पुलिस गिरफ्त से बाहर है, जिसकी तलाश की जा रही है।

Leave a Reply