जम्मू कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटने के बाद न तो गोली चली, न किसी की जान गई: अमित शाह

सिलवासा: गृहमंत्री अमित शाह ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने के फैसले पर सवाल उठाने वाले दुश्मनों का साथ रहे हैं. उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर में धारा 370 हटने के बाद न तो कोई गोली चली है, न कोई पत्थर और न ही किसी की जान गई. 

गृहमंत्री ने कहा, 'पिछले संसद सत्र में मोदी जी ने ऐतिहासिक फैसला लिया. मोदी जी को आपने फिर से प्रधानमंत्री बनाया और उन्होंने संसद के पहले ही सत्र में अनुच्छेद 370 और 35ए को खत्म कर दिया. मोदी जी के अलावा ये काम कोई और नहीं कर सकता था. '  उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 और 35ए देश के एकीकरण में बाधा था. 

गृहमंत्री ने कहा, 'अनुच्छेद 370 के हटने से जम्मू कश्मीर में विकास के रास्ते खुले हैं, आतंकवाद के ताबूत में अंतिम कील ठोकी है, जम्मू कश्मीर को पूरी तरह से भारत के साथ मिलाने का काम हुआ है. सब लोग इस फैसले पर सरकार के साथ हैं लेकिन कुछ लोग इसका भी विरोध कर रहे हैं.  गृहमंत्री सिलवासा में कई कार्यों के लोकापर्ण के मौके पर बोल रहे थे.

कांग्रेस पर साधा निशाना
अमित शाह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि देश की बात हो तो पार्टी से ऊपर से सोचा जाता है लेकिन कांग्रेस यह परंपरा तोड़ रही है.  अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस ने अनुच्छेद 370 को हटाने का विरोध किया. आज भी राहुल गांधी जो बयान देते हैं उसकी पाकिस्तान में तारीफ होती है. उनके बयान को पाकिस्तान अपनी याचिका में शामिल करता है. 
 

Leave a Reply