जलसंकट / बेटी की शादी वाले घर में पानी कम न पड़े, इसलिए गांव की 50 महिलाओं ने जुटाया

यह घटना गुजरात के छोटाउदेपुर के जांबूघोड़ा गांव की है

हल्दी लगने के बाद बेटी को खुद पानी लाना पड़ा तो लोग आगे आए

ढोल बजाकर पूरे गांव में घूमकर पानी इकट्ठा किया, शादी 11 अप्रैल को हुई

छोटाउदेपुर. गुजरात में छोटाउदेपुर के जांबूघोड़ा गांव में एक बेटी की मदद करने के लिए पूरा गांव एक हो गया। दरअसल, बुधवार को इस गांव के एक घर में शादी के दौरान हल्दी की रस्म चल रही थी, तभी पानी खत्म हो गया। बेटी यानी दुल्हन को ही इस रस्म के बाद पानी लाने के लिए घर से निकलना पड़ा। बेटी को अकेला जाता देख घर आए रिश्तेदार और फिर गांव की 50 से ज्यादा महिलाएं भी उसके साथ हो गईं। लोगों ने ढोल बजाकर गांव में घूम-घूमकर पानी जुटाया।

दुल्हन अस्मिता बेन भील ने बताया, "मेहमान आए हैं और घर में पानी खत्म हो गया। वे परेशान न हों, इसलिए पानी भरने के लिए निकलना पड़ा।"  ग्रामीण हिम्मतभाई भील ने बताया कि गांव में करीब 500 लोग रहते हैं। यहां दो पानी की टंकी, तीन बोरिंग और 10 से ज्यादा हैंडपंप हैं। गर्मी के दिनों में जलसंकट बढ़ जाता है। गांव में 10 दिन से पानी की कमी है। जिन घरों में सामाजिक कार्यक्रम होते हैं, वहां अचानक पानी कमी हो जाती है। 
आसपास के इलाकों में भी पानी की समस्या : ग्रामीणों ने बताया कि गर्मी शुरू होते ही गांव का जलस्तर नीचे चला जाता है। इस ओर प्रशासन भी ध्यान नहीं देता। गांव के अलावा आसपास के इलाकों में भी पानी की समस्या है। पानी की इतनी कमी है कि पशुओं के लिए भी नहीं मिल पा रहा है। गांव की बेटी की शादी है। इसलिए पूरे गांव के लोग होने वाली दुल्हन के साथ पानी भरने में जुटे थे।
 

Leave a Reply