जल निगम के 1600 करोड़ के टेंडरों पर सीएम भड़के

भोपाल । विधानसभा चुनाव की मतगणना के एक दिन बाद मंजूर हुए जल निगम के 1600 करोड़ रुपए के टेंडरों पर मुख्यमंत्री कमलनाथ भड़क गए। जल निगम की बोर्ड मीटिंग में उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि इन टेंडरों में आचार संहिता का पेंच तो नहीं है। अफसरों ने तमाम स्पष्टीकरण दिए, मगर सीएम ने कहा कि जब तक इस मामले में स्थिति स्पष्ट नहीं होती, तब तक इनका कोई भी भुगतान न किया जाए। कमलनाथ की अध्यक्षता में जल निगम की यह पहली बैठक थी। सीएम इसके पदेन चेयरमैन होते हैं। प्रदेश में सरकार बदलने के बाद कमलनाथ के हाथ में इसकी बागडोर आई है। बोर्ड मीटिंग में टेंडरों पर भी चर्चा हुई। 
यह है मामला
मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव की मतगणना 11 दिसंबर को हुई थी। इसके एक दिन बाद आनन-फानन में 12 दिसंबर को 1600 करोड़ रुपए के पांच टेंडर स्वीकृत कर दिए गए। इसे लेकर ही सीएम ने अधिकारियों से सवाल-जवाब किए। अधिकारियों से उन्हें बताया कि टेंडरों में प्रक्रिया का पालन किया गया है। जो टेंडर किए गए, वे विदेशी सहायता प्राप्त कार्यों के हैं। इसमें कोई परेशानी नहीं है। सीएम अधिकारियों की सफाई से पूरी तरह संतुष्ट नहीं हुए और स्थिति साफ होने तक इनके भुगतान पर रोक लगाने की बात कही।

Leave a Reply