जांपोदर गांव के निकट पांच वाहनों के बीच दुर्घटना में एक की मौत, 3 गंभीर

अमरेली | जिले के राजूला से करीब तीन किलोमीटर दूर एक साथ पांच वाहनों के बीच हुई दुर्घटना में एक शख्स की मौत हो गई| जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए| मृतक युवक एक दुर्घटनाग्रस्त कार से सामान निकाल रहा था, उस वक्त अन्य वाहन की चपेट में आ गया|
जानकारी के अनुसार अमरेली जिले के राजूला निवासी एक परिवार कार में अहमदाबाद से राजूला की ओर आ रहा था| रास्ते में जापोदर गांव के निकट एक गाय को बचाने के प्रयास में चालक ने स्टेयरिंग से नियंत्रण गंवा दिया और कार पलटी खाकर खड्ड में जा गिरी| गनीमत रही कि इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ| कार को खड्ड में गिरी देख वहां से मोटर साइकिल पर गुजर रहे युवक बचाव कार्य के लिए रुक गए| कार में सवार लोगों को निकालने के बाद युवक उसमें रखा सामान बाहर निकाल रहे थे| इस दौरान घटनास्थल पर एक ट्रक भी मदद के लिए रुक गया जो राजूला का था| दुर्घटनाग्रस्त परिवार के लिए राजूला से कार मंगवाई गई थी और वह भी मौके आ चुकी थी| घटनास्थल के निकट सड़क पर मोटर साइकिल, कार, और ट्रक खड़ा था| इस बीच तेज रफ्तार में पीपावाव की ओर से आ रहे ट्रेलर ने पहले सड़क पर खड़े ट्रक को टक्कर मार दी| ट्रेलर की टक्कर के बाद ट्रक ने कार को और कार ने मोटर साइकिल को टक्कर मार दी| जिसमें राजूला की रेइनबो सोसायटी निवासी पूंजाभाई बेपारिया के इकलौते 21 वर्षीय इकलौते पुत्र गौतम बेपारिया की घटनास्थल पर ही मौत हो गई| इसी बीच तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने सेवा कार्य में जुटे अन्य तीन युवकों को अपनी चपेट में ले लिया| ट्रक की चपेट में आए तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए| घायलों को एम्ब्युलैंस 108 के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया| जहां तीनों की हालत नाजुक बताई गई है|
