जाटों व पुलिस में झड़प, DSP समेत कई पुलिसकर्मी घायल, पत्रकारों को भी पीटा

फतेहाबाद:जाट आंदोलन को लेकर आंदोलनकारियों अौर पुलिस में झड़प होने का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार फतेहाबाद के गांव ढाणी गोपाल में पुलिस ने जाटों को ट्रैक्टर ट्रालियां दिल्ली ले जाने से रोका, जिस पर उनकी आपस में झड़प हो गई। उन्होंने ट्रैक्टर-ट्रॉली से बैरीकैड्स तोड़ दिए। पुलिस ने उन्हें काबू करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज कर दिया। इससे भड़के प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की दो गाड़ियों में आग लगा दी और करीब 200 पुलिसकर्मियों को बंधक बना लिया। इस झड़प में डीएसपी गुरदयाल सिंह सिर पर पत्थर लगने से घायल हो गए हैं। इसके अतिरिक्त कुछ पुलिस कर्मी व कुछ आंदोलकारी और मीडियाकर्मियों को भी चोट आई हैं। वहीं आंदोलनकारियों ने कवरेज कर रहे पंजाब केसरी के साथ कुछ अन्य निजी अखबारों अौर चैनलों के पत्रकारों से भी मारपीट की अौर उनके कैमरे अौर लैपटॉप तक तोड़ दिए। बताया जा रहा कि पत्रकारों को भी चोटें आई हैं। इसके अतिरिक्त उन्होंने पुलिस की 2 गाड़ियों को फूंक दिया। इस पर जाट नेता रोहताश हुड्डा ने आंदोलनकारियों द्वारा की बदसलूकी के लिए माफी मांगी है। उन्होंने कहा कि जो भी इस प्रकार के लोग हैं जिन्होंने कानून को हाथ में लिया है, उन्हें समाज से बाहर कर दिया जाएगा।


फिलहाल पुलिस और सी.आर.पी.एफ. के घायल जवानों को भूना के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जहां पर उनका इलाज चल रहा है। डी.एस.पी. गुरदयाल सिंह के सिर पर भी चोटें आई हैं। फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। हालांकि माहौल बिगड़ने के बाद हरकत में आए पुलिस के आलाधिकारियों और जाट नेताओं के दखल के बाद मामला सुलझा लिया गया है और फिलहाल धरनास्थल के आस पास शांति बना ली गई है।

Leave a Reply