जानिए इस बजट में क्या हुआ सस्ता और महंगा, यहां देखें पूरी लिस्ट

नई दिल्ली: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने इस साल का बजट पेश कर दिया है. पूरे बजट भाषण के दौरान आयकर सीमा में छूट की घोषणा का इंतजार कर रहे टैक्स पेयर्स को सबसे ज्यादा निराशा मिली है. कारोबारी जगत से जुड़े लोगों के लिए पेंशन की घोषणा की गई है. इसके अलावा वित्त मंत्री ने प्रदूषण से राहत के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए ब्याज में राहत देने की घोषणा की है. इन सबके बीच बजट के बाद कुछ चीजें महंगी हुईं तो वहीं कुछ चीजें सस्ती हुईं हैं, जिसमें से पेट्रोल-डीजल, सोना, काजू महंगे होंगे. आयात शुल्क में इजाफा होने से कई चीजों के दाम भी बढ़ेंगे, वहीं बजट के बाद इलेक्ट्रिक कारें सस्ती हो जाएंगी. तो आइए, विस्तार से जानते हैं कि इस बजट में कौन सी चीजों के दाम बढ़ेंगे और कौन-सी चीजें सस्ती होंगी.
तंबाकू उत्पाद भी इस बजट के बाद महंगे हो जाएंगे.
पेट्रोल-डीजल पर 1 रुपये प्रति लीटर की एक्साइज ड्यूटी और 1 रुपये प्रति लीटर का इंफ्रास्ट्रक्चर सेस लगाने का निर्णय लिया गया है. इस तरह ईंधन की कीमत में 2 रुपये प्रति लीटर की तेजी आएगी. जबकि एक दिन पहले पेश किए गए आर्थिक सर्वे में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कमी की बात कही गई थी.
सोने के अलावा चांदी और चांदी के आभूषण खरीदने के लिए भी अतिरिक्त रुपये खर्च होंगे.
आयात शुल्क में इजाफा होने से कई चीजों के दाम भी बढ़ेंगे. आयातित किताबों पर पांच प्रतिशत का शुल्क लगेगा.
बजट के बाद होम लोन लेना भी सस्ता होगा, मतलब घर खरीदना सस्ता होगा. सस्ते घरों के लिए ब्याज पर 3.5 लाख रुपये की छूट मिलेगी.
बजट के बाद इलेक्ट्रिक कारें सस्ती हो जाएंगी. अभी ये कारें चलन में नहीं हैं लेकिन दाम कम होने से इन कारों का इस्तेमाल अधिक होगा.
बजट 2019 के बाद रक्षा उपकरण सस्ते हो जाएंगे.
इलेक्ट्रॉनिक व्हीकल, रक्षा उपकरण के अलावा लेदर के सामान भी बजट के बाद सस्ते हो जाएंगे.
ऑप्टिकल फाइबर, स्टेनलेस उत्पाद, मूल धातु के फिटिंग्स, फ्रेम और सामान, एसी, लाउडस्पीकर, वीडियो रिकॉर्डर, सीसीटीवी कैमरा, वाहन के हॉर्न, सिगरेट आदि महंगे हुए हैं. वहीं, साबुन, शैंपू, बालों का तेल, टूथपेस्ट, डेटरजेंट, बिजली का घरेलू सामान जैसे पंखे, लैम्प, ब्रीफ केस, यात्री बैग, सेनिटरी वेयर, बोतल, कंटेनर, रसोई में प्रयुक्त सामान जैसे बर्तन, गद्दा, बिस्तर, चश्मों के फ्रेम, बांस का फर्नीचर, पास्ता, मयोनेज, धूपबत्ती, नमकीन, सूखा नारियल, सैनिटरी नैपकिन. ऊन और ऊनी धागे सस्ते हुए हैं.
