जालना लोकसभा सीट / 1991 के बाद कांग्रेस नहीं जीती, चार बार से सांसद को भाजपा ने फिर दिया टिकट

जालना. महाराष्ट्र की इस सीट पर तीसरे चरण में 23 अप्रैल को चुनाव है। भारतीय जनता पार्टी-शिवसेना गठबंधन ने चार बार से यहां के सांसद रावसाहब दानवे को उम्मीदवार बनाया है। भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष होने के कारण उन पर सभी की नजर हैं। 1991 के बाद से इस सीट पर कांग्रेस को जीत नसीब नहीं हुई। इस सीट पर मुख्य मुकाबला कांग्रेस और भाजपा के बीच ही है।

कुल 20 उम्मीदवारों के बीच लड़ाई

जालना सीट से 20 उम्मीदवार चुनाव मैदान में है। कांग्रेस ने औताड़े विलास केशवराव, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने महेंद्र कचरु सोनवणे, वंचित बहुजन आघाड़ी ने शरदचंद्र वानखेड़े और बहुजन मुक्ति पार्टी ने फिरोज अली को मैदान में उतारा है। इनके अलावा 10 निर्दलीय उम्मीदवार भी चुनाव लड़ रहे हैं।

साल 2014 का रिजल्ट

2014 के लोकसभा चुनाव में महाराष्ट्र की जालना सीट से भाजपा के रावसाहेब दानवे ने कांग्रेस के औताड़े विलास केशवराव को हराया था। राव साहेब दानवे को 5,91,428 वोट मिले थे। वहीं, विलास केशवराव को 3,84,630 वोट मिले थे। यहां नंबर 2 पर कांग्रेस और नंबर 3 पर बसपा रही थी।

सांसद का रिपोर्ट कार्ड

रावसाहब दानवे चौथी बार यहां से सांसद बने हैं, उन्हें केंद्र में राज्यमंत्री बनने का भी मौका मिला। दिसंबर 2018 की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 5 सालों के दौरान उनकी लोकसभा में उपस्थिति 58 प्रतिशत रही है और इस दौरान उन्होंने मात्र 6 डिबेट में हिस्सा लिया है और 101 प्रश्न पूछे हैं।

6 विधानसभाएं

जालना संसदीय क्षेत्र में 6 विधानसभा सीटें आती हैं, जिनमें पैठण और जालना में शिवसेना का कब्जा है। जबकि बद्नापुर, भोकरदन, फुलंब्री विधानसभा सीटों पर भाजपा और सिल्लोड में कांग्रेस है।

मुगलों ने लंबे समय तक किया यहां शासन

मुगलों से लेकर शिंदे और निजाम शासकों तक ने यहां लंबा शासन किया। कुंडलिका तट पर स्थित इस शहर में कई ऐतिहासिक आकर्षण भी हैं जो इस शहर को और खास बनाते हैं। जैनधर्म के लोगों का पवित्र स्थल, गुरू गणेश भवन यहां होने की वजह से यह जैन धर्मालंबियों के लिए आस्था का केंद्र है। जालना में 60 प्रतिशत आबादी हिंदुओं की और 27 प्रतिशत जनसंख्या मुस्लिमों की है। यहां की कुल जनसंख्या 23 लाख 81 हजार 925 है।

जालना सीट का इतिहास-

साल    सांसद    पार्टी
1962    रामराव नारायणराव    इंडियन नेशनल कांग्रेस
1967    वीएन जाधव    इंडियन नेशनल कांग्रेस
1971    बाबूराव जांगलू काले    इंडियन नेशनल कांग्रेस
1977    पुंडलिक हरि    भारतीय लोक दल
1980    बालासाहेब पवार    इंडियन नेशनल कांग्रेस
1984    बालासाहेब पवार    इंडियन नेशनल कांग्रेस
1989    पुंडलिक हरि    भारतीय जनता पार्टी
1991    अंकुशराव टोपे    इंडियन नेशनल कांग्रेस
1996    उत्तमसिंह पवार    भारतीय जनता पार्टी
1998    उत्तमसिंह पवार    भारतीय जनता पार्टी
1999    रावसाहेब दानवे    भारतीय जनता पार्टी
2004    रावसाहेब दानवे    भारतीय जनता पार्टी
2009    रावसाहेब दानवे    भारतीय जनता पार्टी
2014    रावसाहेब दानवे    भारतीय जनता पार्टी

Leave a Reply