जीडीपी ग्रोथ की रफ्तार में अगले दो साल रहेगी तेजी

नई दिल्‍ली । केंद्र की मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में भारत की जीडीपी ग्रोथ की रफ्तार पर अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) ने भी भरोसा जताया है। आईएमएफ ने जी-20 सर्व‍िलांस नोट जारी कर बताया कि 2019 में भारत की जीडीपी 7.3 फीसदी की रफ्तार से ग्रोथ करेगी। इसी तरह साल 2020 में जीडीपी ग्रोथ का आंकड़ा 7.5 फीसदी पर रहने की उम्‍मीद है। भारत के अलावा साल 2019 में चीन की जीडीपी 6.3 फीसदी रहने का अनुमान है जबकि साल 2020 में यह 6.1 फीसदी रह सकता है।
दरअसल जापान में 8 और 9 जून को  विकसित एवं विकासशील देशों के मंच जी-20 देशों के वित्‍त मंत्री और सेंट्रल बैंक गवर्नर की बैठक होने वाली है। इस बैठक में भारत की ओर से वित्‍त मंत्री निर्मला सीतारमण शामिल होंगी। बैठक से पहले जी-20 का सर्व‍िलांस नोट तैयार होता है। इस नोट के जरिए जी 20 के देशों की आर्थिक हालत पर मंथन किया जाता है। जी -20 सदस्य देशों में भारत, अर्जेन्टीना, ब्राजील, कनाडा, चीन, यूरोपीय संघ, फ्रांस, जर्मनी, इंडोनेशिया, जापान, मेक्सिको, रूस, दक्षिण अफ्रीका, ब्रिटेन और अमेरिका शामिल हैं। इससे पहले वर्ल्‍ड बैंक ने भी चालू वित्त वर्ष में भारत की जीडीपी ग्रोथ 7.5 फीसदी रहने की उम्‍मीद जाहिर की है।

Leave a Reply