‘जीना मुश्किल हो गया, अब मरना चाहती हूं, सरकार सुरक्षा नहीं दे सकती तो इच्छामृत्यु की इजाजत दे दे’

जीना मुश्किल हो गया है, इसलिए अब मैं मरना चाहती हूं। अगर सरकार इंसाफ और सुरक्षा नहीं दे सकती तो इच्छामृत्यु की इजाजत दे दे। ये मांग करते हुए देश की एक बेटी ने पत्र लिखा है। मामला हरियाणा के हिसार जिले का है। जिला पुलिस ने 28 मई को दर्ज हुए दुष्कर्म और 12 साल की बच्ची के साथ छेड़छाड़ मामले में अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की है।
यह आरोप दुष्कर्म पीड़ित महिला और उसके पति ने रविवार को पत्रकारों से बातचीत में लगाए। पीड़िता ने मामले में एसपी, महिला आयोग, महिला व बाल विकास मंत्रालय, आईजी, डीजीपी, मुख्यमंत्री व चंडीगढ़ हाईकोर्ट तक में शिकायत दी है, लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई।

पीड़िता ने कहा कि यदि पुलिस इंसाफ नहीं दे सकती है तो उसे इच्छामृत्यु की इजाजत दी जाए। उसका जीना इस वक्त मुश्किल हो चुका है, इसलिए वह मर जाना चाहती है।
पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी 2006 में हुई थी। पति के माता-पिता का कई वर्षों पहले देहांत चुका था। उनके ताऊ के परिवार ने ही उन्हें पाला था। शादी के कुछ समय बाद ताया ससुर छेड़छाड़ करने लगा। उसने पति को बताया तो उन्होंने ताऊ के सामने इसका विरोध किया। तब ताया ससुर ने आगे से ऐसा नहीं करने की बात कही। शादी के एक साल बाद जुलाई 2007 में उसने एक बेटी को जन्म दिया। इसके कुछ समय बाद उसकी ताई सास अपने बेटे के साथ दिल्ली में रहने लगी।

घर में वह अपनी बेटी, पति और ताया ससुर के साथ रहती थी। अक्तूबर 2007 में ताया ससुर ने जूस में नशीला पदार्थ पिलाकर उससे दुष्कर्म किया और किसी को बताने पर उसे व बेटी को जान से मारने और घर से निकालने की धमकी दी। इसके बाद ताया ससुर लगातार दुष्कर्म करता रहा। जून 2014 में उसके एक चचेरे देवर ने उसकी नहाते हुए की वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी देकर दुष्कर्म किया। नवंबर 2018 में ताया ससुर के बेटे ने भी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर दुष्कर्म किया।
इसके बाद वह पति और बच्ची के साथ अलग किराये के मकान में रहने लगी। मगर ताया ससुर यहां आकर उसकी बेटी से छेड़छाड़ करने लगा। अप्रैल में उसने मामले की शिकायत महिला थाने में की, लेकिन पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया। कई बार केस दर्ज कराने के लिए महिला थाने के चक्कर लगाए, लेकिन केस दर्ज नहीं किया गया। इसके बाद उसने एसपी को शिकायत दी।

मई 2019 में एसपी के आदेश पर थाने में आरोपी ताया ससुर, जेठ व उसके चचेरे देवर के खिलाफ दुष्कर्म व पोक्सो एक्ट में केस दर्ज हुआ। मगर आज तक गिरफ्तारी नहीं की हुई। पीड़िता ने कहा कि तीनों आरोपी केस वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। दो दिन पहले ही ही तीन-चार युवकों ने ड्यूटी के वक्त उस पर हमला किया। पीड़िता के वकील अनिल शर्मा के अनुसार, इस मामले को लेकर चंडीगढ़ हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी और हाईकोर्ट ने हिसार पुलिस से मामले में जवाब भी मांगा है।

Leave a Reply