जुर्म करने लड़कों के भेष में निकलती थी शातिर युवती, पुलिस ने ऐसे पकड़ा

कोरबा: छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के कोरबा में एक युवती को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पुलिस (Police) का दावा है कि युवती जुर्म (Crime) की घटनाओं को अंजाम देने के लिए लड़कों के भेष में निकलती थी. युवती इतनी शातिर है कि वो न सिर्फ लड़कों का भेष बल्कि उनकी आवाज निकालकर ही बातचीत भी कर लेती थी. लड़कों के साथ घुलमिलकर वो जुर्म की घटना को अंजाम देती थी. ताकि किसी को जुर्म युवती द्वारा किए जाने का शक न हो. पुलिस भी युवक को आरोपी मानकर तलाश करे और भटकती रहे.

कोरबा (Korba) सीएसपी राहुल देव शर्मा ने बताया कि पुलिस (Police) ने लड़के के भेष में घूमने वाली युवती को चोरी की दो एक्टिवा के साथ पकड़ा है. दरअसल शहर अलग-अलग स्थानो से चोरी की गई दो एक्टिवा की तलाश में पुलिस जुटी थी. इसी मामले में पुलिस ने युवती के कब्जे से दोनों एक्टिवा बरामद किया है. सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कोई युवती लड़के के हुलिया में चोरी की एक्टिवा में घूम रही है. पुलिस ने घेराबंदी कर युवती से पूछताछ किया और वाहन के कागज़ात पेश करने कहा तो कोई दस्तावेज़ नहीं पेश कर सकी.
शौक के लिए करती थी चोरी
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में युवती ने चोरी की बात स्वीकार की. इसके साथ ही बताया कि वो होंडा साइन की चाबी से एक्टिवा खोल लेती थी. इसके बाद एक्टिवा का नंबर बदलकर उसे चलाती थी. जिस एक्टिवा को चलाते युवती को पकड़ा गया, उसपर किसी पिकअप वाहन का नंबर लिखा था. पूछताछ में युवती ने बताया की शौक को पूरा करने चोरी करती थी. मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने जुर्म दर्ज कर आरोपी युवती को जेल दाखिल कर दिया है. इससे पहले युवती से चोरी की दूसरी वारदातों में भी पूछताछ की गई.

Leave a Reply