जून 2020 तक मुंबई मेट्रो का ट्रायल रन शुरू होने की संभावना

मुंबई। मुंबई में मेट्रो रेल कॉरिडोर का निर्माण कार्य काफी तेजी से आगे बढ़ रहा है. इसी कड़ी में मुंबई के पश्चिमी उपनगर में तैयार हो रहे दहिसर से डीएन नगर मेट्रो-२ए और मेट्रो-७ का ट्रायल रन जून २०२० तक शुरू होने की संभावना जताई जा रही है. एमएमआरडीए के अधिकारियों की मानें तो दहिसर से डीएन नगर मेट्रो-२ए कार्य का ७० प्रतिशत सिविल वर्क पूरा हो चुका है, वहीं अंधेरी (पूर्व) से दहिसर (पूर्व) मेट्रो-७ का कार्य ६८ प्रतिशत सिविल वर्क पूरा हो चुका है. जिस गति से मेट्रो-२ए और मेट्रो-७ का काम चल रहा है, उसे देखते हुए जून २०२० तक मेट्रो का ट्रायल रन शुरू हो जाएगा, ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है. जानकारी के अनुसार मेट्रो -७ के ७२४ पिलर्स में से ५९५ पिलर्स का काम पूरा हो चुका है जबकि मेट्रो-२ए के ७१२ पिलर्स में से ५९६ पिलर्स लग गए हैं. एमएमआरडीए ने ट्रैक के निर्माण का काम शुरू कर दिया है. ट्रैक के वेल्डिंग का काम जारी है. इसी तरह मेट्रो-२ए के पुल निर्माण का काम १६.५ किमी में से ९.१ किमी का पूरा हो चुका है जबकि १८.५ किमी मेट्रो-७ के पुल निर्माण कार्य में से १४ किमी का काम पूरा हो चुका है. एमएमआरडीए आयुक्त आर. ए. राजीव के अनुसार मेट्रो के काम में ३ से ४ महीने की देरी हुई है लेकिन ये कोई बड़ी देरी नहीं है. हमने पहले ही घोषणा कर दी है कि मेट्रो सेवा २०२० में शुरू हो जाएगी. मेट्रो का सिविल वर्क साल २०१९ के मध्य तक पूरा हो जाएगा. नवंबर या दिसंबर तक ट्रायल रन शुरू हो जाएगा, ऐसा अनुमान लगाकर एमएमआरडीए चल रही थी लेकिन कुछ तकनीकी अड़चनों के कारण तय समय में इसे पूरा करने में देरी हो रही है.
