जोधपुर प्रशासन का नवाचार: ई-चौपाल के जरिये किया जा रहा है समस्याओं का समाधान, 15 लाख रुपये बचाये

जोधपुर. देश में अब तक डिजिटल सुविधाओं (Digital features) का लाभ केवल शहरी क्षेत्र के लोग ही ज्यादा उठा रहे थे. लेकिन अब ग्रामीण क्षेत्रों (Rural areas) में रहने वाले नागरिक भी डिजिटल की राह पर चलकर न केवल खुद का पैसा बचा रहे है, बल्कि अपनी समस्याओं को दूर कराने में आगे आ रहे हैं. जोधपुर जिला प्रशासन (Jodhpur District Administration) के नवाचार के कारण अब ग्रामीणों को अपनी समस्या को लेकर शहर नहीं आना पड़ता है. जिला प्रशासन खुद डिजिटल सुविधा के माध्यम से उनसे संवाद कर उनकी समस्याओं को दूर कर रहा है.

दरसअल जोधपुर जिला प्रशासन ने दो महीने पहले नवाचार करते हुये गांव-गांव से ई-चौपाल के जरिये संवाद शुरू किया. जिला कलक्टर जोधपुर कलक्ट्रेट परिसर में वीडियो कांफ्रेंस से हर गांव की पंचायत से जुड़ते हैं. गांव में प्रशासन के अधिकारियों के साथ ग्रामीण भी होते हैं. जोधपुर में जिला कलक्टर सभी विभाग के अधिकारियों को साथ लेकर ई-चौपाल बैठते हैं. इसके जरिये हर गांव की समस्या नोट कर उसके समाधान में काम शुरू किया जाता है.

सरकार का पैसा व समय दोनों बच रहे हैं

राज्य सरकार ने पहले सभी जिला कलक्टर को रात्रि चौपाल लगाकर आमजन की समस्या दूर करने का आदेश दिया था. उसमें जिला कलक्टर सभी बड़े अधिकारियों के लवाजमे के साथ ग्रामीण इलाकों में जाते थे. इस व्यवस्था में सभी के रुकने व खाने पीने की व्यवस्था भी करनी पड़ती थी. इसके अलावा टैंट और अन्य व्यवस्था में भारी भरकम खर्च आता था. लेकिन अब ई-चौपाल के जरिये सरकार का पैसा व समय दोनों बच रहे हैं. इसके जरिये अब तक करीब 15 लाख रुपये बचा लिये गये हैं.

830 से अधिक शिकायत डिजिटल माध्यम से हुईं दर्ज हुईं हैं

ई-चौपाल के जरिये अब तक 830 ग्रामीणों ने अपनी अपनी शिकायत दर्ज करवाई है. इनमें से 700 से अधिक शिकायतों का निस्तारण कर दिया गया है. 36 ऐसी शिकायतें ऐसी थीं जिनको राज्य सरकार को भेजा गया है. जिला कलक्टर ने बताया कि कोरोना संक्रमण के दौरान लोगों की समस्या सुन नहीं पा रहे थे. लिहाजा ई-चौपाल का नवाचार किया गया. इसके अच्छे रिजल्ट मिल रहे हैं. इसमें सरकार के पैसे के साथ ग्रामीणों का भी पैसा व समय भी बच रहा है. ग्रामीणों की समस्या उनके गांव में बैठे बैठे ही दूर की जा रही है. जोधपुर जिले में अब तक 2 माह में 9 ई-चौपाल लगाई जा चुकी है.
 

Leave a Reply