जोधपुर में केन्द्रीय मंत्री शेखावत ने ‘रंग बरसे’ पर जमकर किया डांस, गाये फाग गीत

जोधपुर. केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री एवं जोधपुर सांसद गजेंद्र सिंह शेखावत (Gajendra Singh Shekhawat) ने सोमवार को होली के मौके पर अपने गृहक्षेत्र में जमकर रंग बिखेरे और डांस (Dance) किया. शेखावत ने रंगों के त्योंहार पर जोधपुर शहर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करते हुये होली की मस्ती में फाग (होली के गीत) भी गाये.प्रदेश की सांस्कृतिक राजधानी जोधपुर में सोमवार को कई तरीकों से होली खेली गई. इस दौरान स्थानीय सांसद एवं केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत जनता के बीच खुद को मस्ती करने से नही रोक पाये. मंडोर स्थित राव जी की गेर में शेखावत ने जहा चंग की थाप पर फागोत्सव के गीत गाये. वहीं सैकड़ों की तादाद में मौजूद लोगों ने उनको कंधे पर उठाकर होली का जोरदार जश्न मनाया.
परवान पर नजर आई रावजी की गेर
जोधपुर में परमपरागत तरीके से पीढ़ियों से होली के अवसर पर निकलती आई राव जी की गेर कोरोना संक्रमण के बावजूद अपने परवान पर नजर आई. जोधपुर के अलग अलग क्षेत्रों से निकली राव जी की गेर में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साह से भाग लिया. इस बीच एक कार्यक्रम में तो केन्द्रीय मंत्री ने जमकर डांस किया. होली की मस्ती में शहर के कई इलाकों में विभिन्न कार्यक्रम हुये. इनमें से कुछ कार्यक्रम तो शेखावत की मौजदूगी से बेहद खास बन गए.
'रंग बरसे' गीत पर जूझे केन्द्रीय मंत्री
जोधपुर के पावटा रोड पर स्थित एक कार्यक्रम में केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत होली के गीत पर खुद को रोक नहीं पाए. 'रंग बरसे' गीत पर शेखावत ने जमकर डांस किया. उनके साथ कई लोगों ने जमकर ठुमके लगाये. केन्द्रीय मंत्री का होली पर ऐसा रूप पहली बार सामने आया है. जोधपुर में कार्यक्रमों में सोशल डिस्टेंसिंग की जमकर धज्जियां उड़ी.
