ज्यादा नहीं टिक पाएंगे ट्रंप, खुद छोड़ देंगे पद या हटा दिए जाएंगे

वॉशिंगटन। अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के लिए सबकुछ ठीक नहीं चल रहा। 2016 के राष्ट्रपति चुनावों में रूस की भूमिका की जांच कर रहे अमेरिकी जांच एजेंसी एफबीआई के निदेशक जेम्स कोमे को बर्खास्त करने के बाद से ट्रंप लगातार घिर रहे हैं। चर्चा यहां तक है कि ट्रंप अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर पाएंगे। या तो खुद ही पद छोड़ देंगे या महाभियोग चलाकर उन्हें हटा दिया जाएगा। दोनों ही स्थितियों में अमेरिका कमजोर होगा।

स्थानीय मीडिया के अनुसार, हर गुजरते दिन के साथ ट्रंप को हटाने की चर्चा बढ़ रही है, यहां तक कि उनकी अपनी पार्टी के कुछ लोग भी यही चाहते हैं। सवाल उठता है कि क्या वाकई महाभियोग चलाकर अमेरिकी राष्ट्रपति को हटाना इतना आसान है? एक नजर इसी से जुड़ी अहम बातों पर –

-अमेरिकी संविधान के सेक्शन 4 के आर्टिकल 2 में महाभियोग की पूरी प्रक्रिया के बारे में बताया गया है। यहां उल्लेख है कि किस तरह अमेरिकी राष्ट्रपति पर महाभियोग चलाया जा सकता है और इस कवायद को एक तिहाई सदस्यों का समर्थन मिलने पर राष्ट्रपति को हटाया जा सकता है।

– अमेरिका में राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और सिविल ऑफिसर्स को राजद्रोह, रिश्वतखोरी, या अन्य गंंभीर अपराधों तथा दुराचारों के लिए महाभियोग चलाकर पद से हटाया जा सकता है।

– महाभियोग चलाकर राष्ट्रपति को हटाने के पीछे बहुत मजबूत कारण होने जरूरी हैं। आर्टिकल 1, सेक्शन 2 के मुताबिक, हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव के पास ही महाभियोग या आधिकारिक रूप से आरोप लगाने की शक्ति है। इसके बाद सीनेट इस पर विचार करता है।

– अमेरिकी कांग्रेस जांच करती है और देखती है कि क्या वाकई महाभियोग चलाने जैसी स्थिति या पर्याप्त सबूत हैं। इसके बाद आखिरी फैसला संसद में मतदान के जरिए होता है कि महाभियान चलाए जाए या नहीं।

– सीनेट में एक तिहाई वोट पक्ष में पड़ते हैं तो महाभियोग चलाया जाता है। ट्रंप के केस में भी ऐसा होता है तो उन्हें तत्काल कुर्सी से हटा दिया जाएगा और उनके स्थान पर उपराष्ट्रपति माइक पेंस राष्ट्रपति की जिम्मेदारी संभालेंगे।

एक तरीका यह भी है राष्ट्रपति को हटाने का

महाभियोग के अलावा एक और तरीका है, जिसके माध्यम से अमेरिका में राष्ट्रपति को हटाया जा सकता है। इसका जिक्र संविधान के 25वें संशोधन में है। इसके अनुसार, यदि उपराष्ट्रपति और कैबिनेट के अन्य सदस्यों को लगता है कि राष्ट्रपति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वाह करने में अक्षम है तो भी उन्हें हटाया जा सकता है। इस स्थिति में कोई केस नहीं चलता, लेकिन राष्ट्रपति की कुर्सी तो चली ही जाती है।

सट्टा बाजार गर्म

अमेरिका में ऑनलाइन बेटिंग मार्केट में राष्ट्रपति ट्रंप पर महाभियोग चलाने की आशंका को लेकर बड़ा सट्टा लगाया जा रहा है। ऑनलाइन पोलिटिकल स्टॉक मार्केट का मानना है कि 2017 में ट्रंप पर महाभियोग चलाया जा सकता है। इस बात पर मंगलवार देर रात तक अब तक का सबसे अधिक 30 फीसद तक का सट्टा लगाया गया है।

Leave a Reply