झारखंड के नक्सली संगठन ने दी उत्तर प्रदेश के राजभवन को बम से उड़ाने की धमकी

लखनऊ. उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) की राजधानी लखनऊ स्थित राजभवन (Rajbhawan) को डायनामाइट से उड़ाने का धमकी भरा पत्र मिला है. राजभवन को मिले धमकी भरे पत्र (Threat Letter) में दस दिन के अंदर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल (Anandiben Patel) को राजभवन छोड़कर जाने को कहा गया है. ऐसा न किए जाने पर राजभवन को डायनामाइट से उड़ा देने की धमकी दी गई है. अपर मुख्य सचिव, हेमन्त राव ने धमकी भरे पत्र की गंभीरता को संज्ञान में लेते हुए पत्र को गृह विभाग को कार्रवाई के लिए भेज दिया है.
झारखण्ड के नक्सली संगठन की ओर से भेजा गया है खत
मिली जानकारी के मुताबिक, यूपी की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को झारखण्ड के नक्सली संगठन टीएसपीसी की ओर से धमकी भरा पत्र भेजा गया है. पत्र में लिखा है कि आप राजभवन छोड़कर नहीं गई तो इसको डाइनामाइट से उड़ा दिया जाएगा. पत्र में लिखा है कि राज्यपाल आनंदीबेन पटेल दस दिन में राजभवन को छोड़ दें. उनके ऐसा न करने पर लखनऊ के राजभवन को डायनामाइट से उड़ा दिया जाएगा.
गृह विभाग ने दिया जांच का आदेश
गृह विभाग ने डीजीपी, डीजी इंटेलिजेंस और एडीजी सिक्योरिटी से मामले की तुरंत जांच का आदेश दिया है. गृह विभाग ने जांच के बाद बुधवार तक पूरे मामले में रिपोर्ट मांगी है. गृह विभाग ने जरूरत के मुताबिक कार्रवाई करने को कहा है.
हर की पैड़ी उड़ाने की दी थी धमकी
बता दें, इससे पहले उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को नवंबर महीने में मोबाइल फोन धमकी मिली थी. अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर हरिद्वार में ‘हर की पौड़ी’ को बम से उड़ाने की धमकी दी थी. सीएम रावत के फ़ोन पर हर की पौड़ी उड़ाने की धमकी देने वाला शख़्स मानसिक रूप से परेशान था. उसने सीधे मुख्यमंत्री के मोबाइल पर फ़ोन कर धमकी इसलिए दी थी कि क्योंकि उसका आधार कार्ड नहीं बन पाया था.
