झारखंड: नई इमारत में चला विधानसभा सत्र, मंत्रियों और MLA ने खिंची फोटो

झारखंड विधानसभा की इस नई इमारत में छत पर झारखंड की संस्कृति उकेरी गई है. यह देश की पहली ई-विधानसभा होगी और इसे जल्द ही पूरी तरह से पेपरलेस कर दिया जाएगा. विधानसभा के सेंट्रल हॉल में 150 विधायकों के बैठने की व्यवस्था है.
नई विधानसभा इमारत के निर्माण में 465 करोड़ की लागत आईउद्घाटन के अगले ही दिन बुलाया गया विधानसभा का विशेष सत्र
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के झारखंड विधानसभा की नई इमारत का उद्घाटन करने के अगले ही दिन आज शुक्रवार को विधानसभा का पहला सत्र आयोजित किया गया. इस दौरान राज्य के मंत्री और विधायक विधानसभा में फोटो और सेल्फी लेते नजर आए. नई विधानसभा इमारत के निर्माण में 465 करोड़ रुपये की लागत आई है और यह तीन मंजिला इमारत है.
प्रधानमंत्री मोदी के रांची स्थित इस भव्य इमारत के उद्घाटन अवसर पर राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू और मुख्यमंत्री रघुबर दास भी मौजूद थे. करीब 39 एकड़ में बनाए गए इस विधानसभा को देश का पहला पेपरलेस विधानसभा भवन होने का गौरव भी हासिल होने की बात कही जा रही है. झारखंड राज्य बनने के 19 साल बाद उसे अपना विधानसभा भवन मिला है.
झारखंड विधानसभा की इस नई इमारत में छत पर झारखंड की संस्कृति उकेरी गई है. यह देश की पहली ई-विधानसभा होगी और इसे जल्द ही पूरी तरह से पेपरलेस कर दिया जाएगा. विधानसभा के सेंट्रल हॉल में 150 विधायकों के बैठने की व्यवस्था है.
विधानसभा में बिजली के लिए 300 केवीए के दो सोलर पावर सिस्टम लगाए गए हैं, इन्हीं से बिजली की जरूरत पूरी की जाएगी. 465 करोड़ की लागत से बनाए गए इस इमारत की हाइट 41 फीट रखी गई है. इस विधानसभा में सीटिंग कैपेसिटी 107 तक बढ़ाई जा सकती है जो कि अभी फिलहाल 84 सीट लगाई गई है. झारखंड राज्य के गठन से लेकर अब तक झारखंड विधानसभा किराए पर एचईसी के लेनिन हॉल में संचालित होती थी.
चला पहला सत्र
नए झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू भी शामिल हुईं और विधायकों के अलावा मुख्यमंत्री रघुबर दास भी इस खास सत्र में शामिल हुए. हालांकि विपक्ष के नेता हेमंत सोरेन इस सत्र से नदारद रहे.
विशेष सत्र में विधायकों को अपनी बात रखने का मौका दिया गया. नगर विकास मंत्री सीपी सिंह ने बताया कि वाकई ये एक ऐतिहासिक भवन है और देश के लिए मिसाल भी है. विधायकों ने इमारत की तारीफ करते हुए कहा कि इतने साल के बाद अपना विधानसभा हुआ है. इसकी सुंदरता और जो बनावट है वो बहुत ही मनमोहक है. कई विधायकों और मंत्रियों ने अपने-अपने कैमरे से विधानसभा की कई तस्वीरें भी खिंची.
