टाटा स्टील शतरंज में शानदार शुरुआत करने उतरेंगे आनंद

कोलकाता । पांच बार के विश्व चैम्पियन विश्वनाथन आनंद शुक्रवार से यहां शुरु हो रहे टाटा स्टील शतरंज टूर्नामेंट के दूसरे सत्र में शानदार शुरुआत करने के इरादे से उतरेंगे। इस टूर्नामेंट में विश्व चैम्पियन मैग्नस कार्लसन भी खेल रहे हैं । गैरी कास्पोरोव द्वारा शुरू किये गए टूर का फाइनल टाटा स्टील टूर्नामेंट के एक सप्ताह बाद लंदन में होगा। आनंद पर क्वालीफाई करने के लिये यह टूर्नामेंट जीतने का दबाव नहीं रहेगा। वह दस खिलाड़ियों के रैपिड और ब्लिटज टूर्नामेंट में अगर शीर्ष छह में रहते हैं तो उनका लंदन में खेलना तय रहेगा। कार्लसन खिताब के प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं पर उन्हें चीन के डिंग लिरेन , अमेरिका के वेसले सो और आर्मेनिया के लेवोन आरोनियन से कड़ी टक्कर मिलेगी। बाकी खिलाड़ियों में अमेरिका के हिकारू नकामूरा, हालैंड के अनीश गिरी, भारत के पी हरिकृष्णा और विदित गुजराती शामिल है।
