टायर फटने से कार पेड़ से टकराई, दो युवतियों की मौत और 3 घायल

अहमदाबाद | गांधीनगर के कुडासण के निकट शनिवार को एक तेज रफ्तार कार का टायर फट गया और वह सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई| टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार दो युवतियों की घटनास्थल पर मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए| जानकारी के मुताबिक फिजियोथेरेपी के तीसरे वर्ष की तीन छात्रा और दो छात्र अहमदाबाद से कार में गांधीनगर स्थित होस्टेल लौट रहे थे| गांधीनगर में कुडासण के भाईजीपुरा गांव के निकट कार का टायर अचानक फटने से चालक ने स्टेयरिंग से नियंत्रण गंवा दिया| बेलगाम कार सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई| पेड़ से टकराई कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार राधनपुर निवासी उर्वशी परमार और हिम्मतनगर की समता सुधार की गंभीर चोट लगने से घटनास्थल पर मौत हो गई| जबकि एक छात्रा और दो छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए|
