टीएमसी सांसद की टिप्पणी पर मौनी महाराज का अनशन जारी, राष्ट्रपति रद्द करें सदस्यता

प्रयागराज। तृणमूल कांग्रेस के सांसद कल्याण बनर्जी द्वारा भगवान राम और सीता को लेकर दिए गए अमर्यादित बयान पर प्रयागराज माघ मेले में आये शिव योगी मौनी महाराज का अपने शिविर में अनशन लगातार जारी है। उन्होंने बनर्जी के बयान को आपत्तिजनक करार देते हुए उनकी संसद सदस्यता रद्द करने की राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद से मांग की है। उन्होंने हिन्दू देवी देवताओं को अपशब्द कहे जाने को लेकर एक सख्त कानून बनाये जाने की भी केंद्र और राज्य सरकारों से मांग भी की है। 
मौनी महाराज ने कहा है कि अब तक उनसे शासन प्रशासन या फिर किसी राजनीतिक दल के किसी नेता ने कोई सम्पर्क नहीं किया है। मौनी महाराज ने कहा कि जब तक उन्हें कोई ठोस आश्वासन नहीं मिलता है तब तक अपना अनशन इसी तरह से जारी रखेंगे।   
  गौरतलब है कि शिव योगी मौनी महाराज ने टीएमसी सांसद पर सीता माता को गाली देने और भारतीय संस्कृति का अपमान करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने भगवान राम की मर्यादा को भी तार-तार करने का काम किया है। गौरतलब है कि तृणमूल कांग्रेस सांसद कल्याण बनर्जी ने राम और सीता को लेकर 9 जनवरी को बैरकपुर में एक पब्लिक मीटिंग में कहा था कि सीता ने राम से कहा कि ये किस्मत थी कि मुझे रावण ने अगवा किया। अगर मुझे माथे पर भगवा बांधने वाले और जय श्री राम चिल्लाने वाले आपके अनुयायियों ने अगवा किया होता, तो मेरी हालत हाथरस पीड़िता जैसी होती। इसी बयान के सामने आने के बाद साधु संतों का आक्रोश भड़क उठा है।

Leave a Reply