टी-20 मुंबई लीग : अर्जुन तेंडुलकर पांच लाख में बिके

मुंबई । मास्टर ब्लास्टर के नाम से ख्याति प्राप्त महान क्रिकेटर सचिन तेंडुलकर के बेटे अर्जुन तेंडुलकर को टी-20 मुंबई लीग के लिए आकाश टाइगर्स मुंबई वेस्टर्न सबर्ब ने शनिवार को 5 लाख रुपये में खरीदा। टी-20 मुंबई लीग का यह दूसरे सीजन हैं और लीग की शुरुआत 14 मई से वानखेडे स्टेडियम में होगी। गौरतलब है कि सचिन इस लीग के ब्रैंड एंबैंसडर हैं। सुजीत नायक को भी 5 लाख रुपये के मूल्य में खरीदा गया। नीलामी में अर्जुन को ऑलराउंडर वर्ग में एक लाख रुपये के बेस प्राइस में शामिल किया गया। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्जुन के लिए कई टीमों ने बोली लगाई लेकिन नॉर्थ मुंबई पैंथर्स ने 5 लाख रुपये की सबसे ऊंची बोली लगाई जिसके बाद नीलामी करा रहे चारू शर्मा ने 2 नई टीमों – आकाश टाइगर्स मुंबई वेस्टर्न सबर्ब और ईगल ठाणे स्ट्राइकर्स – को बराबरी करने के मौके (ओटीएम) का विकल्प दिया। दोनों टीमों ने ओटीएम का विकल्प चुना जिससे एक बैग में 2 कार्ड रखे गए और मुंबई क्रिकेट संघ तदर्थ समिति के सदस्य उन्मेश खानविलकर ने एक कार्ड चुना जो आकाश टाइगर्स का था जिससे उन्होंने जूनियर तेंडुलकर को हासिल किया।
