टी-20 विश्व कप के लिए आईपीएल के अनुभव से लाभ मिलेगा : बेयरस्टॉ

पुणे । इंग्लैंड टीम के सलामी बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टॉ ने कहा है कि भारत में होने वाले आगामी टी20 विश्व कप को देखते हुए आईपीएल में खेलना सबसे लाभप्रद रहेगा। बेयरस्टॉ के अनुसार इससे आईपीएल के लिए तैयारियां में सहायता मिलेगी क्योंकि खिलाड़ी हालात से तालतेल सीख जाएंगे। बेयरस्टॉ भारत के खिलाफ तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला के लिए इंग्लैंड टीम में शामिल हैं। उन्होंने कहा, अलग अलग मैदानों पर अनुभव का यह अच्छा मौका होगा और हमें इन्हीं मैदानों पर टी-20 विश्व कप खेलना है। इससे यह भी पता चलेगा कि इन हालातों में गेंदबाजी कैसे करनी होगी। उन्होंने कहा कि इससे मैदान के आकार और पिचों के बारे में भी अंदाजा हो जाएगा। हमें पता चल जाएगा कि कितना स्कोर सही रहेगा। इससे लक्ष्य का अनुमान लगाने में सहायता मिलेगी। गौरतलब है कि बेयरस्टॉ आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम में शामिल हैं। यह 11 अप्रैल को कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) से पहला मैच खेलेगी। उन्होंने कहा- हम अभी पुणे में खेल रहे हैं और आईपीएल का पहला मैच चेन्नई में होगा पर यहां खेलकर हालात और मौसम के अनुकूल ढलने में मदद मिल रही है।
