टूट गया नरेंद्र मोदी से टक्‍कर लेने का अरविंद केजरीवाल और आप का सपना?

पांच राज्‍यों के विधानसभा चुनावों के नतीजे आ रहे हैं। इनमें भाजपा ने एक बार फिर से बाजी मार ली है। उत्‍तर प्रदेश और उत्‍तराखंड में भाजपा भारी बहुमत से जीत रही है। वहीं पंजाब में कांग्रेस सत्‍ता में वापसी करने जा रही है। गोवा और मणिपुर में भाजपा-कांग्रेस के बीच कड़ी टक्‍कर है। इसी बीच आम आदमी पार्टी के लिए यह चुनाव मिश्रित रहे। पंजाब और गोवा में उसने पहली बार चुनाव लड़ा था। पंजाब में उसे अच्‍छा रेस्‍पॉन्‍स मिला है लेकिन सरकार बनाने का उसका सपना टूट गया।

वहीं गोवा में भी भाजपा-कांग्रेस को चुनौती देने का उसका दांव नाकामयाब रहा है। उसे इस राज्‍य में एक भी सीट नहीं मिल रही है। एक तरह से इन नतीजों को आप के लिए निराशाजनक भी कहा जा सकता है क्‍योंकि उसने तो पंजाब में अपनी जीत तय मान ही ली थी। एग्जिट पोल्‍स में भी आप को सरकार बनाने की भविष्‍यवाणी की गई थी। इसके चलते उसने पार्टी दफ्तर में जश्‍न मनाने के लिए मिठाइयां, गुब्‍बारे इकट्ठे कर लिए थे। साथ ही डीजे-म्‍यूजिक का इंतजाम भी कर लिया था। लेकिन सब धरे के धरे रह गए।

आप नेता और सांसद भगवंत मान का दावा था कि उनका दल पंजाब में 100 के करीब सीटें जीतने जा रहा है। वे खुद जलालाबाद सीट से डिप्‍टी सीएम सुखबीर बादल के सामने खड़े थे लेकिन रुझानों के अनुसार वे पीछे चल रहे थे। नतीजों पर पूर्व मंत्री और आप नेता सोमनाथ भारती ने कहा कि यह चुनाव पार्टी के लिए सीखने का शानदार अनुभव होगा। उन्‍होंने कहा, ”हम राजनीति में नए हैं। हमने विधानसभा में कड़ी मेहनत में विश्‍वास करते हैं। हमें संख्‍या को ज्‍यादा नहीं समझते।”

बता दें कि 2014 में हुए लोकसभा चुनावों में आप का खाता पंजाब में ही खुला था। यहां उसने 13 में से चार सीटों पर जीत दर्ज कर सबको चौंका दिया था। इस जीत के बाद से आप ने पंजाब में अपना प्रसार किया था। लेकिन उसमें मतभेद भी सामने आ गए थे। उसने दो सांसदों से सहित कई नेताओं को पार्टी से बाहर कर दिया था। यहां पर चुनाव प्रचार में आप ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी थी। दिल्‍ली के सीएम अरविंद केजरीवाल सहित सभी बड़े नेता पंजाब में चुनाव प्रचार में डटे हुए थे।

Leave a Reply