ट्रंप के बयान से कच्चे तेल में आई बड़ी गिरावट

नई दिल्ली । अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर चीन से आयातित वस्तुओं पर भारी शुल्क लगाने की चेतावनी देने के बाद सोमवार को अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम में दो प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट आई और ब्रेंट क्रूड का भाव फिर 70 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गया। जानकार बताते हैं कि अल्पावधि में तेल के दाम में और गिरावट आ सकती है, लेकिन फिर रिकवरी आ जाएगी क्योंकि ईरान और वेनेजुएला से तेल की आपूर्ति घटने से वैश्विक मांग के मुकाबले आपूर्ति का संकट बना रहेगा जिसका सपोर्ट हमेशा कच्चे तेल के भाव को मिलेगा। अंतरराष्ट्रीय वायदा बाजार आईसीई पर सोमवार को कच्चे तेल का जुलाई वायदा पिछले सत्र से 2.10 फीसदी की कमजोरी के साथ 69.36 डॉलर प्रति बैरल पर बना हुआ था। वहीं डब्ल्यूटीआई का जून अनुबंध 2.29 फीसदी की गिरावट के साथ 60.52 डॉलर प्रति बैरल पर बना हुआ था। बहरहाल ट्रंप के बयान से अमेरिका और चीन के बीच जारी व्यापारिक वार्ता के बेपटरी होने से वैश्विक व्यापार प्रभावित होने की आशंका है जिससे वैश्विक अर्थव्यवस्था के विकास की पहले से ही सुस्त पड़ी रफ्तार और मंद हो जाएगी क्योंकि चीन और अमेरिकी दुनिया की दो बड़ी अर्थव्यवस्था होने के साथ-साथ दो बड़े व्यापारिक साझेदार भी हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्वीट करके चीन से आयातित 200 अरब डॉलर की वस्तुओं पर आयात शुल्क बढ़ाकर 10 फीसदी से 25 फीसदी करने की चेतावनी दी।

Leave a Reply