ट्रैफिक पुलिस ने कार पर मारा डंडा, नोएडा में ड्राइवर की हार्ट अटैक से मौत

नोएडा. नए मोटर व्हीकल एक्ट (New Motor Vehicle Act) आने के बाद ट्रैफिक पुलिस वाहनों की चेकिंग के नाम पर धन उगाही में जुट गई है. ताजा मामला नोएडा में सामने आया है, जहां वाहन चेकिंग के दौरान ट्रैफिक पुलिस से नोकझोंक में युवक की हार्ट अटैक से मौत हो गई. मृतक सॉफ्टवेयर कंपनी में कार्यरत था. घटना के बाद युवक के पिता मूलचंद शर्मा का आरोप है कि सॉफ्टवेयर कंपनी में कार्यरत अपने बेटे गौरव के साथ वो सेक्टर-62 से लौट रहे थे.

कार पर डंडा मारते हुए रुकवाया

इसी दौरान जांच के लिए पुलिसकर्मियों ने उनकी कार पर डंडा मारते हुए रुकवाया. इस पर उनकी पुलिस से नोकझोंक हो गई. नोकझोंक दौरान गौरव को दिल का दौरा पड़ गया. आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे और गौरव को पहले फोर्टिस और फिर कैलाश अस्पताल पहुंचाया गया. जहां इलाज के दौरान हार्ट अटैक से उसकी मौत हो गई.
नोकझोंक के दौरान पड़ा दिल का दौरा

बता दें कि नोएडा सेक्टर-52 के शताब्दी विहार में मूलचंद शर्मा परिवार के साथ रहते हैं. उनके 34 वर्षीय पुत्र गौरव गुरुग्राम की सॉफ्टवेयर कंपनी के मार्केटिंग विभाग में काम करते थे. मूलचंद शर्मा के मुताबिक नोएडा की तरफ मुड़ते ही रास्ते में कुछ पुलिसकर्मी खड़े थे, जिन्होंने चलती गाड़ी पर जोर से डंडा मारकर रोका. गौरव और उसके पिता ने इसका विरोध किया. इस बात पर नोकझोंक इतनी बढ़ गई कि वहां मौजूद पुलिसकर्मी अभद्रता पर उतर आए.

नोएडा के एसएसपी से करेंगे लिखित शिकायत
गहमागहमी के बीच अचानक गौरव बेसुध होकर गिर पड़ा और उनकी सांसें थम गईं. गौरव की हालत देखकर माता-पिता सकते में आ गए. परिजनों का कहना है कि पुलिसकर्मी मदद करने के बजाय वहां से चुपचाप चले गए. इस हादसे के चलते गौरव की छह साल की मासूम बेटी ताशी के सिर से पिता का साया उठ गया है. मृतक गौरव के पिता मूलचंद शर्मा ने बताया कि इस घटना की लिखित शिकायत वो मंगलवार को एसएसपी नोएडा से करेंगे.

Leave a Reply