डकैतों ने दानापुर-भागलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में दिया लूट को अंजाम, ट्रेन पर पथराव किया

मुंगेर । बिहार के मुंगेर में दानापुर-भागलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में लूट को अंजाम दिया गया है। इस दौरान लुटेरों ने ट्रेन पर पथराव भी किया, जिसमें यात्रियों के साथ एस्कॉर्ट पार्टी के जवान भी घायल हो गए। साथ ही एसी बोगी के शीशे भी टूट गए। लूटपाट की यह घटना जमालपुर-भागलपुर रेल खंड के बरियारपुर थाना क्षेत्र के लोहा पुल परिया गांव के पास की है। परिया गांव पहले से भी ट्रेन लूट और छिनतई के मामले में कुख्यात रहा है। जानकारी के मुताबिक, ट्रेन ऋषि कुंड हॉल्ट को पार करते हुए आगे बढ़ी और बरियारपुर रेलवे स्टेशन पहुंचने के पहले ही लोहा पुल परिया गांव के समीप रात के 9 बजकर 14 मिनट पर लुटेरों ने गाड़ी को वैक्यूम कर रोक दिया और रेल यात्रियों के साथ लगभग 20 मिनट तक लूटपाट की। इस लूट की घटना को अंजाम देने के बाद लुटेरे ट्रेन से उतरकर फरार हो गये। ट्रेन रात के 9 बजकर 35 मिनट पर बरियारपुर रेलवे स्टेशन पहुंची। इस संबंध में रेल एसपी ने फोन पर जानकारी दी कि लुटेरों ने ट्रेन पर पथराव भी किया है, जिसमें कई यात्री के साथ जवान भी घायल हुए हैं। एसपी ने बताया कि दो बोगियों में लूटपाट हुई है, लेकिन बोगियों का ब्‍योरा नहीं मिल पा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में लगी है, साथ ही डकैतों को गिरफ्तार करने की भी कोशिश कर रही है।

Leave a Reply