डभोई में मूशलाधार बारिश से निचले इलाके पानी में डूबे, सौराष्ट्र में भी बारिश

अहमदाबाद | गुजरात के ज्यादातर हिस्सों में बारिश ने विराम ले लिया है| हांलाकि मध्य गुजरात समेत सौराष्ट्र में बरसाती माहौल बरकरार है| वडोदरा जिले के डभोई में शनिवार की दोपहर तेज हवा के साथ मूशलाधार बारिश ने सर्वत्र पानी पानी कर दिया| भारी बारिश के कारण डभोई के निचले इलाकों में जलजमाव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं| वहीं सौराष्ट्र के जूनागढ़ में सुबह से बरसाती माहौल बना हुआ है| जूनागढ़ के केशोद समेत आसपास के इलाकों में भारी बारिश हो रही है, जिसकी वजह से निचले इलाके जलमग्न हो गए| दिनभर हुई बारिश का जनजीवन पर बुरा असर हुआ है| अहमदाबाद जिले की विरमगाम तहसील में भी आज बारिश हुई| विरमगाम के डुमारा, गौरैया, कांकरावाडी और ढाकडीवाडी गांव में बारिश हो रही है| इसके अलावा वणी, रहमतपुर और सालियाणा गांव में बारिश होने की खबर है| उत्तरी गुजरात के अरवल्ली जिले में लगातार बारिश के कारण मालपुर के निकट से गुजरती वात्रक नदी उफान पर है| ऊपरी हिस्सों में बारिश के कारण वात्रक नदी छलक रही है|
दूसरी ओर गुजरात की जीवनदायिनी नर्मदा डैम के जलस्तर में लगातार इजाफा हो रहा है| मध्य प्रदेश के इंदिरा सागर डैम से 1.17 लाख क्यूसेक पानी नर्मदा नदी में छोड़ा गया है| साथ ही डैम के कैचमेंट क्षेत्र में हो रही बारिश के कारण नर्मदा बांध का जलस्तर 132.41 मीटर पर पहुंच गया है| डैम के 7 दरवाजे खोलकर 1.16 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है| वहीं तापी जिले के उकाई डैम का जलस्तर 335.93 फूट पर पहुंचने के बाद पांच दरवाजे 3 फूट खोलकर पानी की निकासी की जा रही है| उकाई डैम में 66936 क्यूसेक पानी की आय हो रही है और 51 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है| महीसागर जिला स्थित कडाणा बांध के जलस्तर में भी लगातार इजाफा हो रहा है| फिलहाल कडाणा डैम का जलस्तर 416 फूट पर पहुंच गया है| ऊपरी हिस्सों में हो रही भारी बारिश के कारण कडाणा डैम में 72 हजार क्यूसेक से भी ज्यादा पानी की आय हो रही है| लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए डैम के 5 दरवाजे पांच फूट तक खोले गए हैं| जबकि एक दरवाजे 3 फूट और एक दरवाजे 6.5 फूट तक खोलकर 68 हजार क्यूसेक से भी अधिक पानी छोड़ा जा रहा है| सुजलाम सुफलाम कैनाल में 800 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है| जबकि कडाणा डैम की बांई ओर की नहर में 400 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है| 

Leave a Reply