डिप्टी स्पीकर पर हमला करने वाले 5 लोग गिरफ्तार, 17 को प्रदेशभर के किसान करेंगे प्रदर्शन

सिरसा । हरियाणा के डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा पर हुए हमले के मामले में 5 किसानों को गिरफ्तार किया गया है। इस गिरफ्तारी के विरोध में सुबह से ही किसानों ने विरोध-प्रदर्शन किया। किसानों ने सिरसा के बाबा भूमणशाह चौक पर धरना लगाया। इस दौरान पुलिस और किसानों में किसी बात को लेकर झड़प भी हो गई। दोपहर होते-होते सभी किसान संगठन एकजुट हो गए और भूमणशाह चौक से एसपी कार्यालय तक विरोध-प्रदर्शन करते हुए पहुंचे। एसपी ऑफिस पर किसानों ने धरना दिया। किसानों ने यह फैसला किया है कि 17 जुलाई को किसानों की रिहाई की मांग को लेकर प्रदेशभर के किसान सिरसा में जुटेंगे और यहां बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा। इस प्रदर्शन में संयुक्त किसान मोर्चा के दिग्गज नेता भी भाग लेंगे। 
किसानों ने कहा की गांवो में पहरा लगेगा। किसी किसान को गिरफ्तार नहीं होने दिया जाएगा। हरियाणा किसान मंच के प्रह्लाद सिंह भारूखेड़ा ने बताया कि  सभी किसान संगठनों ने फैसला किया है कि अब 17 जुलाई को प्रदेश भर से किसान सिरसा में जुटेंगे। अपने साथियों की रिहाई की मांग को लेकर एसपी कार्यालय का घेराव किया जाएगा। इस दिन संयुक्त किसान मोर्चा के दिग्गज नेता सिरसा पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि हमारे किसानों पर देशद्रोह के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि कल हर गांव में पुतले भी फूंके जाएंगे। हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर रणबीर सिंह गंगवा की गाड़ी पर हमला किया गया था। उनकी गाड़ी पर किए गए पथराव से उनकी कार के शीशे टूट गए थे। इस हंगामे के बीच पुलिस ने किसानों को खदेड़ने के लिए हल्का बल प्रयोग किया था। बाद में डिप्टी स्पीकर रणबीर सिंह गंगवा पुलिस के घेरे में वहां से निकल गए थे।

Leave a Reply