डिवाइडर से उछलकर टेम्पो से भिड़ी कार, 5 युवाओं की ऑन द स्पॉट डेथ

नेशनल हाइवे पर कार और आइशर टेम्पो की टक्कर में सूरत के तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। दो दोस्त महेसाणा के थे। ड्राइवर के स्टियरिंग से नियंत्रण खो देने से कार डिवाइडर पार कर अहमदाबाद-मुंबई लेन में घुस गई और सामने से आ रहे आइशर टेम्पो से धमाके से टकराकर कार के परखच्चे उड़ गए।
धमाके के साथ टकरा गई कार
बुधवार को वराछा के पांच युवक टाटा इंडिगो मांजा कार (नं. जीजे 5 सीएन 0289) लेकर दमण से सूरत आ रहे थे। शाम को 6.40 बजे खारेल ओवरब्रिज उतरते समय ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया। कार बेकाबू होकर डिवाइडर पार कर अहमदाबाद-मुंबई लेन में घुस गई और सामने से आ रहे आइसर टेम्पो (जीजे-21 डब्ल्यू 9680)से धमाके के साथ टकरा गई। धमाके की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मदद के लिए आ गए। खारेल मंडली के अध्यक्ष अभिषेक पटेल और मटवाड गांव के युवक मौके पर पहुंच गए।
आधार कार्ड से हुई पहचान
कार में सवार सूरत के पांचों की युवकों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। तलाशी के दौरान कार से एक युवक का आधार कार्ड मिलने पर मृतकों के सूरत के होने का पता चला। आधार कार्ड पर नाम हेत वसंतभाई पटेल और पता वराछा, लंबे हनुमान रोड लिखा हुआ था। पुलिस ने आधार कार्ड पर लिखे नंबर पर मृतक के रिश्तेदारों से संपर्क किया।
पांचों के शव निकालने में एक घंटा लगा
शव को कार से बाहर निकालना बहुत मुश्किल था। आईआरबी की एक एंबुलेंस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। कार में आगे बैठे दो युवकों के शव बड़ी मुश्किल से बाहर निकाले गए। पिछली सीट पर बैठे तीन युवकों के शव को बाहर निकालने में 1 घंटे से अधिक समय लगा।
सीएनजी किट 500 फीट दूर जा गिरी
हादसा इतना गंभीर था कि इंजन कार से अलग होकर नीचे गिर गया और सीएनजी किट का सिलेंडर 500 फीट दूर खेत में जाकर गिरा। उल्लेखनीय है कि इसी जगह पर एक साल पहले भी ऐसा ही एक हादसा हुआ था। कार डिवाइडर पार करके पलट गई थी। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। डिवाइडर पर बोर्ड के बावजूद हादसे हो रहे हैं।
जिंदा नहीं लौटे ये पांचों
वैभव घनश्याम पटेल (19) : निवासी मोढेरा, महेसाणा, गणपत यूनिवर्सिटी में आईटी सोफ्टवेयर की पढ़ाई कर रहा था,मीत विनोद पटेल (17) : निवासी महेंद्र नगर भाग-2, महेसाणा,जतन मुकेश पटेल (18) : निवासी परमहंस सोसाइटी, वराछा, जय भूपेंद्र प्रजापति (20) : निवासी भाटिया गांव, पलसाणा, सूरत, हेत वसंत कुमार पटेल (20) : निवासी वाणीराज अपार्टमेंट, चामुंडा नगर, लंबे हनुमान रोड, सूरत।
