डीजे न बजाने पर शराब में धुत युवक ने चलाई गोली, लगने से एक की मौत

देर रात डीजे न चलाने पर शराब के नशे में धुत्त एक युवक ने युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मामले की सूचना मिलने के बाद डीएसपी धर्मकोट यादविंदर सिंह बाजवा मौके पर पहुंचे। प्राथमिक जांच के बाद पुलिस ने थाना कोटइसे खां में पांच लोगों के खिलाफ हत्या के आरोप में केस दर्ज कर लिया।
पुलिस को दी गई शिकायत में गुरसेवर सिंह निवासी कोटइसे खां ने बताया वह डीजे सिस्टम का काम करता है। बीती 30 नवंबर की शाम को वह निरवैर सिंह निवासी मस्तेवाला की शादी समारोह में डीजे सिस्टम लेकर गया था। उसके साथ उसका भतीजा (ताया का पौत्र) करन सिंह (18) भी गया था।
रात करीब 10 बजे तक डीजे सिस्टम चलता रहा। देर रात उसने डीजे सिस्टम बंद करने की बात कही। इस पर शादी समारोह में शामिल सुखदीप सिंह निवासी गांव धर्मसिंह वाला ने उनका विरोध शुरू कर दिया और अपनी 12 बोर राइफल से हवाई फायरिंग शुरू कर दी।
डीजे सिस्टम शुरू नहीं करने पर सुखदीप सिंह ने अपनी राइफल से मार देने की नीयत से सीधी फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली छाती पर लगने से करन सिंह गिर पड़ा। करन सिंह को कोटइसे खां के सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया। करीब डेढ़ घंटे के बाद मिली डॉक्टरी सहायता ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शिकायतकर्ता के मुताबिक सुखदीप सिंह के पास 12 बोर राइफल थी। मेजर सिंह निवासी मस्तेवाला के पास 12 बोर राइफल, सरनप्रीत सिंह निवासी सैदेशाह वाला के पास 315 बोर राइफल, सुखचैन सिंह निवासी मस्तेवाला के पास पिस्तौल और जगरूप सिंह निवासी मल्लूबाडिया खाली हाथ था। उक्त लोग डीजे चलने के दौरान हवाई फायरिंग कर रहे थे। गोली लगने के बाद आरोपी फरार हो गए। थाना कोटइसे खां में पुलिस ने उक्त पांचों के खिलाफ हत्या के आरोप में केस दर्ज कर लिया।
गिरफ्तारी तक शव का पोस्टमार्टम न कराने पर अड़ा परिवार
सिविल अस्पताल के शवगृह में करन सिंह का शव रखा गया है। मृतक के परिवार की मांग थी कि वह तब तक करन सिंह के शव का पोस्टमार्टम नहीं होने देंगे, जब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नही हो जाती। वहीं डीएसपी धर्मकोट यादविंदर सिंह बाजवा का कहना था कि आरोपियों की गिरफ्तारी को धरपकड़ जारी है।
