डूब प्रभावितों का पुनः निष्पक्ष रूप से सर्वे करें : मंत्री सुरेन्द्र सिंह बघेल

धार/इन्दौर । इन्दौर संभाग के धार जिले में प्रदेश के नर्मदा घाटी विकास एवं पर्यटन मंत्री सुरेन्द्र सिंह बघेल ने जिले के मनावर तहसील के सरदार सरोवर परियोजना से प्रभावित ग्रामों का भ्रमण किया। बघेल ने इस अवसर पर ग्रामीणों की समस्याएँ सुनीं। बघेल ने ग्राम सेमल्दा, अछौदा, एकलबारा गांगली सहित अन्य ग्रामों का भ्रमण कर अवलोकन भी किया। बघेल ने ग्राम सेमल्दा तथा एकलबारा में आयोजित चैपाल में भाग लिया और इस चैपाल को संबोधित करते हुए कहा कि डूब प्रभावित परिवारों की समस्या का समाधान के लिए हर संभव प्रयास किये जाऐंगे। बघेल ने कहा कि मैं आज की स्थिति में आप लोगों से बात कर रहा हूं। पहले जो गलती हुई थी उस गलती को सुधार कर आगे बढेंगे। आप लोगों को जितना लाभ दे सकते हैं, उतना लाभ दिलाने का प्रयास कर रहे हैं। जिन लोगों की सम्पति व जमीन डूब में चली गयी, उनके दर्द को मै समझता हूं।
बधेल ने दल प्रभारी को निर्देश दिये कि वे डूब प्रभावितों का पुनः निष्पक्ष रूप से सर्वे करें। पात्र व्यक्ति सर्वे में न छूटे इस बात का विशेष ध्यान रखा जावे। साथ ही अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को निर्देश दिये है कि 16 सितम्बर को ग्राम सेमल्दा में शिविर आयोजित किया जाये। यह शिविर सुबह 10.30 बजे से 5 बजे तक जारी रखा जाये। इस शिविर में भू-अर्जन अधिकारी, दल प्रभारी तथा राजस्व अमला मौजूद रहेगा। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को निर्देश दिये है कि वे प्रतिदिन गांव में भ्रमण करे और प्रगति से क्षेत्रीय विधायक को अवगत कराएं। साथ ही फोटो व वीडियो ग्राफी भी करवाई जाये। बघेल ने कहा कि जिन लोगों ने प्रकरण न्यायालय में दर्ज किये है उनकी मदद के लिए 2-3 अच्छे वकीलों की सेवाएं दी जावेगी। जो उनके प्रकरणों में पेरवी करेंगे। बघेल ने कहा कि केफीयत हटाये और पात्र लोगों को मुआवजा प्रकरण तैयार कर भेजे ताकि मुआवजा राशि स्वीकृत की जा सके। बघेल ने कहा कि जहां संभव है वहां पुलिया तथा सड़क का निर्माण किया जायेगा। बघेल ने अधिकारियों को निर्देश दिये है कि पुर्नवास स्थलों पर पानी, बिजली तथा अन्य बुनियादी सुविधाएँ सुनिश्चित करें। बघेल ने कहा कि पंचनामा के लिए कलेक्टर द्वारा समिति गठित की गई है। इस समिति द्वारा जो निर्णय लिया जावेगा। वह मान्य करना पडेंगे।
आयुक्त नर्मदा घाटी विकास पवन शर्मा ने कहा कि प्रभावित लोगों के पटटे की जमीन की रजिस्ट्री के लिए एक विशेष अभियान चलाया जाऐगा। रजिस्ट्री तहसील तथा विकासखंड स्तर पर करने की व्यवस्था की जावेगी। साथ ही व्यक्तियों को बैंक ऋण भी उपलब्ध कराया जायेगा। इस अभियान की रूप रेखा तैयार की जा रही है। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक हीरालाल अलाव ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष बालमुकुंद गौतम, अपर कलेक्टर एस.एस सोलंकी, भू-अर्जन अधिकारी श्रीमती रंजना मुजाल्दे, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मनावर सत्यनारायण दर्रो , कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग एनव्हीडीए गुप्ता सहित अन्य अधिकारी व बड़ी संख्या में गामीण जन उपस्थि थे।
