डेढ़ साल की बेटी की पटककर हत्या करने वाला पिता गिरफ्तार, चौथी बेटी के पैदा होने से नाराज था

जबलपुर. जबलपुर में डेढ़ साल की बेटी की पटककर हत्या करने के आरोप में पुलिस ने पिता को शुक्रवार दोपहर गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि चौथी बेटी होने की वजह से नाराज पिता रमेश बर्मन गुरुवार को रात शराब पीकर आया और नशे में उसने अपनी बेटी को पकटकर मार डाला। 

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार ने बताया कि शुक्रवार को सुबह नगर निगम कर्मचारियों ने सूचना दी कि दीन दयाल चौक के समीप नाले में एक बच्ची का शव पड़ा हुआ है जो पत्थर के नीचे दबा हुआ है। पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर बच्ची को शव को नाले से बाहर निकलवाया। पता चला कि वह रमेश बर्मन की बच्ची थी। रमेश मूलत: शहडोल का रहने वाला है और पिछले कुछ समय से विजयनगर थाना क्षेत्र के दीनदयाल चौक के समीप झोपड़ी बनाकर परिवार के साथ रहता है। वह मजदूरी का काम करता है और शराब पीने का आदि है।

पुलिस को भयभीत हालत में मिलीं दोनों बेटियां 

पुलिस जब उसके घर पहुंची तो देखा कि पांच वर्षीय बच्ची प्रीति अपनी तीन वर्षीय बहन प्राची के साथ भयभीत अवस्था में बैठी हुई थी। बड़ी बेटी ने बताया कि उसकी मां अस्पताल में भर्ती है। रात्रि में उसके पिता शराब पीकर आए थे और रोने के कारण प्राची को मारा था तथा छोटी बहन रूपाली को सिर के बल पटक दिया था,जिसके कारण उसकी मौत हो गयी थी। पिता छोटी बहन को लेकर चले गये थे जो अभी तक वापस नहीं लौटे हैं।

अस्पताल से पुलिस ने पिता को गिरफ्तार 

पुलिस ने एल्गिन अस्पताल में बच्ची की मां के संबंध में पता किया तो मालूम हुआ कि उसने एक और बेटी को जन्म दिया है और महिला का पति भी अस्पताल में है। इसके बाद पुलिस ने अस्पताल से आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
 

Leave a Reply