डॉक्टर-इंजीनियर खेल रहे थे जुआ, पुलिस ने हाईप्रोफाइल फड़ पर मारी रेड

ग्वालियर। पुलिस ने जब यहां जुआ खेल रहे जुआरियों को पकड़ा उसे भी नहीं पता था कि आखिर वो किन्हें पकड़ रहे हैं। ये सभी जुआरी खेत में जुआ खेल रहे थे। पुलिस ने चार युवकों को पकड़ा है, जबकि 20 से अधिक भाग गए। मौके से 43 हजार 500 रुपए पुलिस को मिले। जब चारों पकड़े गए जुआरियों की पहचान हुई, तो पुलिस आश्चर्य में पड़ गई। इनमें एक पेशे से डॉक्टर है, जो प्राइवेट अस्पताल में काम करता है। दूसरा, उसी अस्पताल का मैनेजर है। तीसरा, आरोपी ट्रांसपोर्टर और चौथा इंजीनियर है, जो अभी खदान का काम संभाल रहा। पुलिस ने केस दर्ज किया है। सभी आरोपियों को थाने से जमानत मिल गई। जानकारी के मुताबिक, शनिवार शाम पुलिस को सूचना मिली थी कि जिगसोली गांव के खेत में बड़े स्तर पर जुआ खेला जा रहा है। ये भी बताय गया कि जुआ खेलने शहर के आसपास से भी लोग आए हैं। जब पुलिस ने यहां छापा मारा तो जुआरी भागने लगे। पुलिस ने चार लोगों को पकड़ लिया। मौके से ताश के पत्ते और 43 हजार 500 रुपए नकद भी मिले हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी मोनू जाटव ट्रांसपोर्टर है, पप्पू इंजीनियर है, अरुण निजी अस्पताल में मैनेजर है, जबकि जितेन्द्र थाटीपुर के वेदांश अस्पताल में डॉक्टर है। सभी पर जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया और बाद में थाने से जमानत पर छोड़ दिया गया। पकड़े गए चारों लोगों ने पुलिस को बताया, जिगसोली में बीते सात दिन से जुए का फड़ जमा था। वह सात दिन से आ रहे थे। कौन खिला रहा था, यह पता नहीं है। उनको एक साथी यहां लेकर आया था। अब पुलिस खेत मालिक का पता लगा रही है।

Leave a Reply