डॉक्टरों की देशव्यापी हड़ताल आज, ओपीडी और इमरजेंसी सेवाएं प्रभावित, मरीज बेहाल
नई दिल्ली : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और डॉक्टरों के बीच हुए विवाद की आंच पूरे देश में फैल गई है. पश्चिम बंगाल के डॉक्टरों के साथ हुई मारपीट के बाद देशभर के डॉक्टर उनके समर्थन में आ गए हैं. इसके तहत राजधानी दिल्ली, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश के अधिकांश सरकारी और निजी डॉक्टर आज हड़ताल करेंगे. साथ ही कुछ मरीजों के इलाज के दौरान ही विरोध प्रदर्शन करेंगे.
भारतीय चिकित्सा संघ (आईएमए) ने घटना के खिलाफ तथा हड़ताली डॉक्टरों के साथ एकजुटता दिखाने के लिए शुक्रवार को ‘अखिल भारतीय विरोध दिवस’ घोषित किया है. इस बीच एनआरएस मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के प्रधानाचार्य साइबल मुखर्जी तथा चिकित्सा अधीक्षक एवं उप प्रधानाचार्य प्रो सौरभ चटोपाध्याय ने संस्थान के संकट से निपटने में विफल रहने की वजह से इस्तीफा दे दिया है.
राष्ट्रीय राजधानी में कई निजी एवं सरकारी अस्पतालों के डॉक्टरों ने शुक्रवार को काम का बहिष्कार करने का फैसला किया है जिससे सेवाओं के प्रभावित होने का अंदेशा है. राष्ट्रीय राजधानी स्थित एम्स के रेजीडेंट डॉक्टरों ने गुरुवार को सांकेतिक प्रदर्शन करते हुए अपने सिर पर पट्टियां बांधकर काम किया. यह हड़ताल आज भी जारी रहेगी.
डॉक्टरों की हड़ताल की गूंज दिल्ली तक पहुंच गई हैं. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने गुरुवार को मरीजों और उनके तीमारदारों से संयम बरतने का अनुरोध किया और घटना की निंदा की. उन्होंने कहा कि वह सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों के समक्ष डॉक्टरों की सुरक्षा का मुद्दा उठाऐंगे.
पश्चिम बंगाल में डॉक्टरों के साथ मारपीट की घटना के विरोध में आज दिल्ली, पश्चिम बंगाल, यूपी, बिहार, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, दिल्ली एम्स, राजस्थान, कर्नाटक, झारखंड, उत्तराखंड में डॉक्टरों की हड़ताल है.
पश्चिम बंगाल में हुई डॉक्टरों के साथ मारपीट का विरोध मध्य प्रदेश में भी हो रहा है. पश्चिम बंगाल में 10 हजार से ज्यादा डॉक्टर हड़ताल पर हैं. मध्य प्रदेश में घटना का विरोध करते हुए इलाज करेंगे डॉक्टर. IMA ने बुलाई है डॉक्टर्स की राष्ट्रव्यापी हड़ताल.
पश्चिम बंगाल में आज करीब 10 हजार डॉक्टर हड़ताल पर हैं. महाराष्ट्र के भी रेजीडेंट डॉक्टर शाम 5 बजे तक सांकेतिक हड़ताल पर रहेंगे. इसके अलावा देश के अधिकांश हिस्सों में डॉक्टर आज हड़ताल कर रहे हैं.
राजधानी दिल्ली के अधिकांश निजी और सरकारी डॉक्टरों ने पश्चिम बंगाल में प्रदर्शन कर रहे अपने साथियों के समर्थन में आज हड़ताल का ऐलान किया है. दिल्ली के एम्स और सफदरजंग अस्पताल के भी रेजीडेंट डॉक्टर आज हड़ताल पर रहेंगे.