ताजमहल खूबसूरत कब्रिस्तान, घर में इसका मॉडल रखना अपशकुन: हरियाणा के मंत्री

अम्बाला.ऐतिहासिक धरोहर ताजमहल के इतिहास पर सवाल उठाने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले दिनों यूपी के बीजेपी विधायक संगीत सोम ने इसे भारतीय संस्कृति पर धब्बा करार दिया था। अब हरियाणा के मंत्री अनिल विज ने ताज को सिर्फ खूबसूरत कब्रिस्तान बताया है। बता दें कि यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोम से बयान को लेकर सफाई मांगी थी। तब योगी ने कहा था कि ये मायने नहीं रखता कि इसे किसने और क्यों बनवाया था। यह भारत माता के सपूतों के खून-पसीनों से बना है। क्या ताज के मॉडल को घर में रखना अपशकुन है?…

 

– हरियाणा के हेल्थ मिनिस्टर अनिल विज ने शुक्रवार को ट्वीट किया, ''ताजमहल एक खूबसूरत कब्रिस्तान है।'' इसके बाद न्यूज एजेंसी से कहा, ''चूंकि ये एक कब्रिस्तान है इसीलिए लोग ताजमहल के मॉडल को घर में रखना अपशकुन मानते हैं। बिल्डिंग तो बहुत खूबसूरत है पर उसमें सिर्फ कब्रें ही तो हैं।''

क्या कहा था संगीत सोम ने?

– मेरठ की सरधना सीट से विधायक संगीत सोम ने ताजमहल को भारतीय संस्कृति पर धब्बा बताया था। उन्होंने कहा, "मुगल शासक बाबर, अकबर और औरंगजेब गद्दार थे और इनका नाम इतिहास के पन्नों से निकाल दिया जाएगा। पिछले दिनों जब ताजमहल को ऐतिहासिक स्थलों से बाहर किया तो कई लोगों को तकलीफ हुई. लेकिन कैसा इतिहास? किसका इतिहास? ताज को बनवाने वाले (शाहजहां) ने अपने पिता को कैद किया था और अपने राज में बहुत से हिंदुओं का सर्वनाश किया था।"

– "अब बीजेपी की सरकार है, यह देश के इतिहास से बाबर, अकबर और औरंगजेब की कलंक कथा को निकालने का काम कर रही है। देश का इतिहास बिगड़ा हुआ था, उसे सुधारने का काम बीजेपी कर रही है। इतिहास में आक्रमणकारियों को गौरवान्वित किया गया है। कुछ राजनैतिक लोग सिर्फ वोट की वजह से औरंगजेब के नाम पर रोड का नाम रखने का काम करते हैं। वोटों की खातिर इतिहास में औरंगजेब और बाबर का नाम राजनीतिज्ञ लेकर आए, ये दुर्भाग्य की बात है।"

ताज भारत मां के सपूतों के खून-पसीने से बना: योगी

– यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने बयान को लेकर संगीत सोम से सफाई मांगी थी। योगी 26 अक्टूबर को ताजमहल देखने जाएंगे।

– योगी ने कहा था, ''यह महत्व नहीं रखता कि इसे किसने और क्यों बनवाया था। यह भारत माता के सपूतों के खून-पसीनों से बना है। इसकी सुरक्षा और पर्यटन की दृष्टि से आगे के विकास की जिम्मेदारी उत्तरप्रदेश सरकार की है। बौद्ध सर्किट और आध्यात्मिक सर्किट के साथ ताजमहल के लिए अलग प्रोजेक्ट बनाया गया है। इस वजह से इसे टूरिस्ट बुकलेट में जगह नहीं दी गई। ताजमहल के डेवलपमेंट के लिए 370 करोड़ की योजना है। इसका प्रपोजल वर्ल्ड बैंक को भेजा है।''

गुलामी की याद दिलाने वाला राष्ट्रपति भवन भी तोड़ें: आजम

– सपा नेता और यूपी के पूर्व मंत्री आजम खान ने कहा था, ''ऐसी सभी इमारतें ढहा देनी चाहिए, जो गुलामी की निशानी हैं, जैसे राष्ट्रपति भवन, संसद भवन, कुतुब मीनार, लाल किला या फिर ताजमहल।''

– इस पर सुब्रह्मण्यम स्वामी ने ट्वीट किया, ‘राष्ट्रपति भवन और हैदराबाद हाउस आदि को कब्जे में लेना बर्बर इस्लामिक और ईसाई ताकतों पर हिंदुओं की जीत की निशानी है।’

– पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा था कि ऐतिहासिक संस्कृति और विरासत को खत्म करना बीजेपी का राजनीतिक एजेंडा है।

Leave a Reply