तीन दिन तक बिगड़ा रहेगा मौसम का मिजाज

भोपाल । प्रदेश में अगले तीन दिनों तक मौसम का मिजाज बिगडा रहने का अनुमान है। इस दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में पानी की बौछारें भी पड सकती है। बताया जा रहा है कि पडोसी देश पाकिस्तान और उसके आसपास एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। मराठवाड़ा में एक ऊपरी हवा का चक्रवात बना हुआ है। उत्तर-पश्चिम मध्यप्रदेश पर भी एक चक्रवात बन गया है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक गुरुवार से मप्र में विपरीत दिशा की हवाओं (पूर्वी-पश्चिमी) का टकराव भी होने जा रहा है। इस वजह से गुरुवार से तीन दिन तक मौसम का मिजाज बिगड़ा रह सकता है। इसकी वजह गुरुवार के बाद शनिवार को भी एक पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत में दाखिल होना है। इस दौरान ग्वालियर, चंबल, सागर, रीवा, जबलपुर, शहडोल संभाग के अलावा भोपाल, इंदौर में भी धूल भरी आंधी के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। उधर बुधवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 39 डिग्री सेल्सियस खंडवा, खरगोन में दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार को राजधानी में आंशिक बादल छाए रहे। हवाओं का रुख भी उत्तर-पश्चिमी बना रहा। इसके बाद भी वातावरण में गर्मी के तेवर तल्ख बने हुए हैं। धूप में भी चुभन महसूस हो रही है। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि उत्तरी पाकिस्तान और उससे लगे उत्तर भारत पर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसके अतिरिक्त दो अन्य वेदर सिस्टम मराठवाड़ा और मप्र में सक्रिय हैं। इस वजह से वातावरण में नमी आने लगी है। उधर 11 मार्च गुरुवार के बाद 13 मार्च शनिवार को एक के बाद एक कर दो पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में पहुंचने वाले हैं। इस वजह से गुरुवार से तीन दिन तक मौसम का मिजाज गड़बड़ रहने की संभावना है।गुरुवार को प्रदेश में विपरीत दिशा की हवाओं का टकराव भी होने जा रहा है। इस वजह से गुरुवार से राजधानी सहित प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में बादल छाने लगेंगे। साथ ही धूल भरी तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
