तीन मानसूनी सिस्टम सक्रिय, MP में रविवार से बारिश के आसार

भोपाल  तीन मानसूनी सिस्टम सक्रिय होने से प्रदेश में रविवार से बारिश का एक और दौर शुरू होने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि रविवार को बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने जा रहा है।

शुक्रवार सुबह 8.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक मंडला में 49, रतलाम में 25, उज्जैन में 19, रीवा में 18, इंदौर में 7.1, पचमढ़ी में 7.0, मलाजखंड में 6, छिंदवाड़ा में 4, उमरिया में 2, बैतूल में 1 मिमी बारिश हुई।

वर्तमान में बंगाल की खाड़ी में एक चक्रवात बना हुआ है। उसके रविवार को कम दबाव के क्षेत्र में परिवर्तित होने की संभावना है। पटना से छत्तीसगढ़ तक एक द्रोणिका (ट्रफ) बनी हुई है। मानसून द्रोणिका भी गंगानगर से टीकमगढ़, सीधी होते हुए बंगाल की खाड़ी तक जा रही है।

इन तीन सिस्टम के कारण वातावरण में नमी आ रही है। इससे राजधानी सहित प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर बारिश की गतिविधियां हो रही हैं। शुक्ला के मुताबिक रविवार को बंगाल की खाड़ी में मौजूद सिस्टम के आगे बढ़ने पर प्रदेश के दक्षिण-पूर्वी क्षेत्र में बरसात का सिलसिला शुरू होने की संभावना है।

Leave a Reply