तीसरे टी20 में बदलावों के साथ उतर सकती है टीम इंडिया

गुयाना। टीम इंडिया यहां मंगलवार को गुयाना में वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाले तीसरे ओर अंतिम टी20 मैच में कुछ बदलावों के साथ उतर सकती है। पहले दो मैच जीतने के साथ ही भारतीय टीम इस सीरीज में 2-0 से आगे हो गयी है।
ऐसे में कप्तान कप्तान कोहली ने बेंच स्ट्रेंग्थ को आजमाने के भी संकेत दिये हैं।
विराट ने कहा, 'टीम की पहली प्राथमिकता जीत होती है पर सीरीज में अजेय बढ़त मिलने के बाद यह विकल्प रहता है कि आगे के मैच में हम उन खिलाड़ियों को अवसर दें जिन्हें अभी तक अवसर नहीं मिला है।'
टीम इंडिया ने पहले दो मैच फ्लोरिडा (अमेरिका) में खेले हैं पर यह अंतिम मैच गुयाना में होगा। इस मैच में युवा बल्लेबाजों श्रेयस अय्यर और लेग स्पिनर राहुल चाहर को उतारा जा सकता है।
तीसरे टी20 मैच में विराट युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत की जगह लोकेश राहुल को भी विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर उतार सकते हैं। ऋषभ पहले दोनो मैचों में नाकाम रहे और केवल 4 और 0 रन ही बना पाये हैं। ऐसे में अगर टीम प्रबंधन ऋषभ को बाहर रखता है तो लोकेश के पास विकेटकीपर की जिम्मेदारी होगी।
वहीं दूसरी ओर वेस्टइंडीज टीम पहले दो मैचों में करारी हार से उबरकर अपने घरेलू मैदान पर जीत हासिल कर अपनी प्रतिष्ठा बचाना चाहेगी। इंडीज टीम के लिए सकारात्मक बात यह है कि उसे घरेलू हालातों के साथ ही पिच के मिजाज का भी अंदाजा रहेगा।
