तेंदुए के हमले में महिला की मौत

गुजरात की विसावदर तहसील के हस्नापुर गांव में रविवार देर रात तेंदुआ के हमले से एक महिला की मौत हो गई।
विसावदार तहसील के हस्नानपुर गांव में प्रभाबेन शामजी भाई जादव (65) और उसकी देवरानी बरामदे में सो रही थी। तकरीबन रात डेढ़ बजे जंगल की ओर से तेंदुआ ने बरामदे में घुसकर प्रभाबेन पर हमला कर दिया। उसे विसावदर सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां से जिला अस्पताल जूनागढ़ ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। इधर, वन विभाग के कर्मचारियों ने तेंदुआ को पकड़ने के लिए जगह-जगह पिंजरा रखा है।
इस घटना के 24 घंटे पूर्व ही अंबाला गांव में तेंदुआ ने 12 वर्षीय बालिका को भी अपना शिकार बनाने का प्रयास किया। स्थानीय नागरिकों को शिकायत है कि तेंदुआ और अन्य खूंखार जानवरों के बारे में शिकायत करने पर भी वन विभाग के कर्मचारी कोई ठोस कदम नहीं उठाते हैं।
