तेजप्रताप ने तलाक से पहले सोशल मीडिया एकाउंट से भी ऐश्वर्या को किया Unfriend

पटना-गया। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के बड़े पुत्र तेजप्रताप यादव ने निजी जीवन से अपनी नवब्याहता ऐश्वर्या राय को बाहर करने के पहले सोशल मीडिया से भी डिलीट कर दिया। उन्होंने फेसबुक, ट्विटर एवं इंस्टाग्राम से अपने विवाह की सभी तस्वीरें और वीडियो डिलीट कर दिए।
तेजप्रताप ने अपनी पत्नी ऐश्वर्या से तलाक के मामले पर बोधगया में अपनी चुप्पी तोड़ी। कहा कि घुट-घुटकर जीने से कोई फायदा नहीं। ऐश्वर्या साउथ पोल तो मैं नॉर्थ पोल हूं। परिवार के लोगों के सामने भी झगड़ा हुआ। तीर कमान से निकल चुका है, मैं इसे वापस लेने वाला नहीं हूं। बहुत लोगों ने राजनीतिक माइलेज लेने के लिए भी बहुत कुछ किया है, सभी बातों को कोर्ट के सामने रखूंगा। गौरतलब है कि तेज ने गुरुवार को ऐश्वर्या से तलाक की अर्जी पटना के पारिवारिक न्यायालय में दायर की है।
शनिवार को उन्होंने आरोप लगाया कि शादी कराकर ओमप्रकाश व नागमणि ने उन्हें मोहरा बनाया। ये दोनों सरायकला में रहने वाले उनके मामा के लड़के हैं। विपिन और ओमप्रकाश ने तमाशा किया है। मैंने शुरू में भी मना किया था शादी नहीं करेंगे, लेकिन इन लोगों ने हंगामा किया। हम कुछ भी अच्छा करते हैं तो उसे परिवार में खराब बताया जाता है। ऐश्वर्या हाईसोसाइटी की है, मुझसे उसकी शिक्षा भी नहीं मिलती। झगड़ा के समय ऐश्वर्या ने कहा भी था कि क्यों नहीं तलाक दे देते हो। हमने सारी चीजें परखीं, तब कोर्ट के शरण में गए। यह जल्दबाजी का फैसला नहीं है। तीर कमान से निकल गया है। अब कोई भी बोल दे, प्रधानमंत्री भी बोल दें तो मैं मानने वाला नहीं हूं।
श्री यादव शुक्रवार को देर रात रांची पिता से मिलने के लिए निकले थे और रास्ते में बोधगया के होटल रॉयल रेंजिडेंसी में ठहर गए थे। वे शनिवार की सुबह करीब 11 बजे रांची के लिए बोधगया से रवाना हुए। बोधगया में उनके पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस मौके पर विधायक कुमार सर्वजीत व अन्य नेता भी मौजूद थे।
