तेजस्वी का नीतीश सरकार पर हमला, पूछा- भ्रष्टाचार पर कार्रवाई केवल लालू परिवार पर ही क्यों

तेजस्वी यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके नीतीश कुमार के सबसे निकट सहयोगी राज्यसभा सांसद आरसीपी सिंह पर भ्रष्ट्राचार का आरोप लगाया. तेजस्वी यादव ने पूछा कि भ्रष्ट्राचार पर कार्रवाई केवल लालू परिवार पर ही क्यों.
एक अर्से बाद प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने विपक्ष की भूमिका में आते हुए नीतीश कुमार और उनकी सरकार पर हमला बोला है. लोकसभा चुनाव में करारी हार के बाद यह पहला मौका है जब तेजस्वी यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके नीतीश कुमार के सबसे निकट सहयोगी राज्यसभा सांसद आरसीपी सिंह पर भ्रष्ट्राचार का आरोप लगाया. तेजस्वी यादव ने पूछा कि भ्रष्ट्राचार पर कार्रवाई केवल लालू परिवार पर ही क्यों.
ये मामला अनंत सिंह से जुड़ा हुआ है. अनंत सिंह के दिल्ली के साकेत कोर्ट में आत्मसमर्पण करने के बाद उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर लेने गई बाढ़ की एएसपी लिपी सिंह जिस गाड़ी से कोर्ट पहुंची उस पर राज्यसभा सांसद का स्टिकर लगा हुआ था. लिपी सिंह आरसीपी सिंह की बेटी हैं जो जेडीयू के राज्यसभा सांसद हैं. बात यहीं पर खत्म नहीं होती. गाड़ी के बारे में जब पता किया गया तो पता चला कि ये गाड़ी जेडीयू के एमएलसी रणवीर नंदन के नाम हैं.
तेजस्वी यादव ने सीधा आरोप लगाया कि एमएलसी ने आरसीपी सिंह को टैक्स के रूप में गाड़ी देकर पद लिया है. मुख्यमंत्री को इस मामले में जवाब देना चाहिए कि क्या कार्रवाई होगी. तेजस्वी यादव ने सुशील मोदी से कहा कि वो इस मामले पर कब प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे. नीतीश कुमार दूसरे भ्रष्टाचारियों पर कब कार्रवाई करेंगे.
पिछले हफ्ते आरजेडी की दो लगातार बैठकों में तेजस्वी यादव ने हिस्सा नहीं लिया. रविवार को पार्टी के सभी विधायकों और नेताओं ने पटना में बैठक बुलाई. इस दौरान सदस्यता अभियान की शुरुआत पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को सदस्य बनाकर किया गया. इस बैठक में राबड़ी देवी और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने अपने विधायकों को संबोधित करते हुए कहा कि सदस्यता अभियान में गति लाना है. पार्टी ने 50 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है और आज एक लाख 5 हजार लोग ऑनलाइन सदस्य बन चुके हैं. वहीं आज राबड़ी देवी ने rjdpress.com website को भी लॉच किया और राजद की ऑनलाइन सदस्यता ली.
