तेज रफ्तार बस ने एक्टिवा सवार युवक को कुचला
बिलासपुर । अपने घर बहन के घर मेहमानी में आए युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई । पेंड्रा में रहने वाला करीब 35 वर्षीय अजय पेंडरवा के स्वास्थ्य केंद्र में बतौर नर्स कार्यरत अपनी बहन के घर घूमने कुछ दिनों पहले आया था। सोमवार को वह पेंडरवा में ही रहने वाले करीब 18 वर्षीय किरण यादव के पीछे एक्टिवा में बैठकर कहीं जा रहा था। यह दोनों रतनपुर नया बस स्टैंड एटीएम के पास पहुंचे ही थे कि किरण यादव एक्टिवा पर नियंत्रण खो बैठा और एक्टिवा सहित सड़क पर गिर गया। इसी वक्त सामने की ओर से एक बस आ रही थी यह बस बिलासपुर से इलाहाबाद जा रही थी। राजधानी बस सर्विस की इसी बस क्रमांक यूपी 72 ड्डह्ल 73 56 के आगे किरण यादव की एक्टिवा गिर गई और किरण यादव छिटक कर दूर जा गिरा। जिस कारण बस का पहिया पीछे बैठे अजय को कुचलता हुआ निकल गया।
बस के पिछले पहिए के नीचे आकर अजय की मौके पर ही मौत हो गई तो वही इस हादसे में किरण यादव जख्मी हो गया । मृतक और घायल को किसी तरह रतनपुर अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन यहां शव को उतारने वाला भी कोई नहीं था। जिसके बाद मानवतावादी छवि का प्रदर्शन करते हुए पुलिस कर्मियों के साथ स्वयं रतनपुर स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टर ने वाहन के ऊपर चढ़कर शव को नीचे उतारा। इस घटना को अंजाम देने वाली राजधानी बस सर्विस की बस में करीब 70 से 80 लोग सवार है। दुर्घटना को अंजाम देने के बाद बस चालक बस को लेकर भागने लगा था जिसे किसी तरह लोगों ने पीछा कर गांधीनगर के पास पकड़ा। बाद में पुलिस यात्रियों सहित बस को लेकर थाने पहुंची और बस चालक के खिलाफ आगे की कार्यवाही की जा रही है। वही इस हादसे में घायल किरण यादव का इलाज चल रहा है।
खेती किसानी का सामान खरीद कर घर लौट रहे किसानों को लापरवाह युवकों ने ठोकर मार कर घायल कर दिया। सोमवार को निपनिया में रहने वाले 65 वर्षीय बुजुर्ग किसान रामखेलावन गोड़ अपने साथी विजय पुलस्त के साथ बाइक क्रमांक सीजी 10 जेड 6997 पर सवार होकर रतनपुर में खरीदारी के लिए आए थे ।दोपहर बाद दोनों उसी बाइक पर घर लौट रहे थे। अभी यह लोग खुटाघाट मेलनाडीह के पास पहुंचे ही थे कि बेलतरा की ओर से एक बाइक में सवार होकर आ रहे तीन युवकों ने उन्हें सामने से जबरदस्त ठोकर मार दी, जिससे दोनों बाइक सवार छिटककर दूर जा गिरे। इस घटना में बुजुर्ग रामखेलावन को गंभीर चोट लगी है तो वहीं उनके साथी विजय को भी कई स्थानों पर छोटे आई है। दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतनपुर लाया गया जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रामखेलावन गोड़ को बिलासपुर सिम्स रेफर कर दिया गया है।
