दादी मैया का खजाना लुट रहा है, लूट सको तो लूट लो…

इन्दौर । अग्रसेन महासभा की मेजबानी में दोपहर राजीव गांधी चैराहा, पीपलियापाला स्थित शुभकारज गार्डन पर मुंबई के प्रख्यात मंगल पाठ गायक कुंदन मिश्रा एवं उनके साथियों ने भक्तिभाव का ऐसा समां बांधा कि डेढ़ हजार से अधिक महिलाएं झूम उठी। लाल चुनरी और सोलह श्रृंगार में सजधज कर आई इन महिलाओं ने भजन गायक के साथ स्वर में स्वर और ताल में ताल मिलाकर करीब साढ़े 3 घंटों तक दादी की आराधना की और समाज में सदभाव, विकास एवं खुशहाली के लिए मन्नतें मांगी।
कार्यक्रम का शुभारंभ गणेशजी, दादी मां एवं हनुमानजी के भव्य दरबार के पूजन एवं 11 मीटर की चुनरी समर्पण के साथ समाजसेवी विनोद अग्रवाल, प्रेमचंद गोयल, दिनेश मित्तल, टीकमचंद गर्ग, विष्णु बिंदल, सुखेंद्रसिंह घुम्मन, अविनाश अग्रवाल एवं मयंक बंसल के आतिथ्य में हुआ। अग्रसेन महासभा की ओर से अध्यक्ष पवन सिंघल, श्याम गोयल, अरूण आष्टावाले, अजय आलूवाले, कैलाश नारायण बंसल, प्रमोद बिंदल, राजेश बंसल पंप, सतीश मंगल, गोपालदास गुप्ता, विजय बंसल आदि ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। दादी मां के जयघोष के बीच मंगल पाठ गायक कुंदन मिश्रा ने जैसे ही गणेश वंदना के बाद मंगल पाठ की संगीतमय शुरूआत की, उपस्थित महिलाएं झूमने-थिरकने लगी। ‘सब झूमो नाचो अब तो मां आने वाली है…, ‘दादी मैया का खजाना लुट रहा है, लूट सको तो लूट लो… और ‘अखंड ज्योत सजी है दादी तेरे दरबार में…’ जैसे भजनों पर तो बार-बार महिलाओं के समूह नृत्य के लिए उठ खड़े होते रहे। यह क्रम पूरे समय चला। सभी महिलाओं को सुहाग पिटारी भी दी गई थी और मंगल पाठ के अनुरूप उन्होंने बिंदिया, टीका, बोर, नथ आदि का प्रयोग भी किया। दो एलईडी स्क्रीन पर इसका सीधा प्रसारण भी किया गया। संध्या को आरती के पूर्व आम्र एकादशी के उपलक्ष्य में दादी दरबार का 5 क्विंटल आम से मनोहारी श्रृंगार भी किया गया।
दादी की अखंड ज्योत के दर्शन एवं आहुति समर्पित करने के लिए भी महिलाओं में भारी उत्साह देखा गया। मौसम की मार से बचने के लिए शीतल पेयजल और सुगंधित द्रव्य की वर्षा का प्रबंध भी किया गया था। शहर में इतने व्यवस्थित और भक्तिभाव से भरपूर माहौल में मंगल पाठ का यह संभवतः पहला आयोजन था। महिला संयोजक मंजू सिंघल, शकुन गोयल, कनकलता गोयल, उषा बंसल, सोनल अग्रवाल, सुनीता आष्टावाला, सीता गोयल बाबाश्री, आशा गोयल, आशा बिंदल एवं संगीता अग्रवाल ने पूरे समय अनुष्ठान की व्यवस्थाएं संभाली। कार्यक्रम स्थल पर पुष्प एवं विद्युत सज्जा भी देखने लायक थी। संध्या को महाआरती में लगभग ढाई हजार दादी भक्तों ने शामिल होकर देश, प्रदेश एवं शहर में सुख-शांति और समृद्धि की प्रार्थना की। संचालन सीए एस.एन. गोयल ने किया और आभार माना अध्यक्ष पवन सिंघल ने।
